खरगोन कर्फ्यू में 4 घंटे की ढील, प्रभारी मंत्री कमल पटेल लेंगे अधिकारियों की बैठक
खरगोन, 21 अप्रैल: खरगोन में अब धीरे-धीरे शांति स्थापित होती चली जा रही है, जहां अब हालात सामान्य होते दिखाई दे रहे हैं. गुरुवार को एक बार फिर कर्फ्यू के बीच 4 घंटे की ढील दी गई. सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक दी गई इस ढील के दौरान लोग घरों से बाहर निकले और जरूरतों का सामान खरीदा. ढील महिला और पुरुष दोनों के लिए दी गई है. इस ढील के दौरान दवाई, फल-सब्जी, और किराना समेत सभी आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खुली रही. इस दौरान वाहनों पर पहले की तरह प्रतिबंध जारी रहा, तो वहीं बैंक और पोस्ट ऑफिस को छूट मिली. कर्फ्यू के बीच मिली छूट के दौरान कपड़े और ज्वेलरी की दुकानें भी खुली रहेंगी. इससे पहले बुधवार को कर्फ्यू के दौरान 6 घंटे की ढील दी गई थी.

बाजारों में दिखने लगी चहल-पहल
शहर में जैसे-जैसे हालात सामान्य होते चले जा रहे हैं, वैसे-वैसे कर्फ्यू के बीच ढील की समय सीमा भी बढ़ाई जा रही है. ऐसे में अब लोग धीरे-धीरे घरों से बाहर निकल रहे हैं, जिसके चलते बाजारों में चहल-पहल नजर आने लगी है. इस बीच चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है, जहां हालातों पर पुलिस अपनी पैनी नजर बनाए हुए है.
प्रभारी मंत्री कमल पटेल लेंगे अधिकारियों की बैठक
प्रदेश के कृषि और जिले के प्रभारी मंत्री कमल पटेल गुरुवार को खरगोन दौरे पर रहेंगे, जहां वे कानून व्यवस्था के संबंध में जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे. वहीं इसके बाद मंत्री कमल पटेल भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे. शाम 4 बजे मंत्री कमल पटेल खरगोन से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे. इससे पहले भी प्रभारी मंत्री कमल पटेल को खरगोन जिले के दौरे पर आना था, लेकिन किन्हीं कारणों के चलते दौरा निरस्त हो गया था.
मैदान में अलर्ट अधिकारी, पुलिस की भी पैनी नजर
एक तरफ खरगोन में जहां धीरे-धीरे हालात सामान्य होते चले जा रहे हैं, तो वहीं अधिकारी भी अलर्ट मोड़ पर नजर आ रहे हैं. पुलिस की बाजारों पर पैनी नजर है, तो वहीं असामाजिक तत्वों पर भी पुलिस सख्त नजर रखे हुए हैं. शासन और प्रशासन के उच्च अधिकारी भी लगातार हालातों का फीडबैक ले रहे हैं.












Click it and Unblock the Notifications