Zika Virus: कैसे फैलता है जीका वायरस, जानिए बीमारी के लक्षण, रोकथाम और उपचार
Zika Virus: कैसे फैलता है जीका वायरस, जानिए बीमारी के लक्षण, रोकथाम और उपचार
नई दिल्ली, 09 जुलाई: भारत में कोरोना वायरस की संकट के बीच केरल में गुरुवार (08 जुलाई) जीका वायरस के 13 मामले दर्ज किए गए हैं। मच्छर के काटने से होने वाली बीमारी से केरल में एक 24 वर्षीय गर्भवती महिला जीका वायरस से संक्रमित मिली थी। जीका वायरस के सकारात्मक परीक्षण किए गए सभी सैंपल को तिरुवनंतपुरम जिले से एकत्र कर आगे की जांच के लिए पुणे में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (एनआईवी) भेजा गया है। जीका वायरस से संक्रमित पाई गई 24 साल की प्रेग्नेंट महिला में जून 2021 के अंत में बुखार, सिरदर्द और त्वचा पर लाल निशान जैसे लक्षण दिखे थे। जिसके बाद महिला के सैंपल लिए गए और जांच में वह जीका वायरस से संक्रमित पाई गई। आइए जानते हैं, कैसे फैलता है जीका वायरस, इस बीमारी के लक्षण, रोकथाम और उपचार क्या है?
Recommended Video

कैसे फैलता है जीका वायरस
जीका वायरस मच्छर के काटने से फैलता है। हालांकि ये सभी मच्छरों के काटने से नहीं होता है। जीका वायरस ज्यादातर संक्रमित एडीज प्रजाति के मच्छर के काटने से फैलता है। ये मच्छर दिन में काटते हैं। एडीज मच्छर वही होते हैं, जिनके काटने से डेंगू, चिकनगुनिया और पीला बुखार फैलता है।
जीका वायरस गर्भवती महिला से उसके भ्रूण में भी जाकर फैल सकता है और शिशुओं को माइक्रोसेफली और अन्य जन्मजात बीमारियों के साथ पैदा कर सकता है। जीका वायरस की वजह से समय से पहले जन्म और गर्भपात जैसी स्थिति भी हो सकती है। इसके अलावा जीका वायरस की वजह से गर्भावस्था की अन्य जटिलताओं का भी सामना करना पड़ सकता है।
यूएस सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) के अनुसार, जीका वायरस से संक्रमित व्यक्ति इस बीमारी को अपने सेक्स पार्टनर तक भी पहुंचा सकते हैं।

Zika virus symptoms: जीका वायरस के लक्षण
जीका वायरस के लक्षण है, हल्का बुखार, त्वचा पर लाल निशान और दाग, रैशेज, आंख आना, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द,अस्वस्थता या सिरदर्द शामिल हैं। जीका वायरस बीमारी की इन्क्यूबेशन टाइमिंग है, 3-14 दिन। जीका वायरस के लक्षण आमतौर पर 2 से 7 दिनों तक रहते हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के मुताबिक, जीका वायरस संक्रमण वाले अधिकांश लोगों में लक्षण विकसित नहीं होते हैं।

जीका वायरस के रोकथाम और उपचार
जीका वायरस के लिए कोई विशिष्ट उपचार या वैक्सीन नहीं बना हुआ है। जीका वायरस की वैक्सीन पर रिसर्च अभी भी किया जा रहा है। संयुक्त राष्ट्र की स्वास्थ्य एजेंसी के मुताबिक जीका वायरस से संक्रमित लोगों को भरपूर आराम करना चाहिए, ज्यादा से ज्यादा लिक्विड डाइट लेना चाहिए। बुखार और बॉडी पेन के लिए नॉर्मल दवाई लेने की सलाह दी जाती है।
जीका वायरस के संक्रमण को मच्छरों के काटने से बचाकर ही रोका जा सकता है। डब्ल्यूएचओ के मुताबिक गर्भवती महिलाओं, प्रजनन आयु की महिलाओं और छोटे बच्चों में मच्छरों के काटने से बचाव पर खास ध्यान दिया जाना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications