
'दिल से तो आप आज भी शिवसेना के साथ हैं', बागी विधायकों को उद्धव ने भेजा इमोशनल मैसेज
मुंबई, 28 जून : महाराष्ट्र में सियासी संकट कई दिनों से जारी है। एकनाथ शिंदे के साथ कई बागी विधायक असम के गुवाहाटी में डेरा डाले हुए हैं। इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने होटल में डेरा डाले हुए शिवसेना के बागी विधायकों से अपील की है। उन्होंने विधायकों को एक भावनात्मक संदेश में कहा कि आप अभी भी दिल से शिवसेना के साथ हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें उनकी चिंता है। उन्होंने कहा कि आप पिछले कुछ दिनों से बंद हैं। हर दिन नई जानकारी सामने आती है। आप में से कई लोग अभी भी संपर्क में हैं।

बालासाहेब की विरासत को आगे ले जाएंगे-शिंदे
वहीं, शिवसेना के बागी विधायक एकनाथ शिंदे ने आज कहा कि वह मुंबई जाएंगे और "बालासाहेब ठाकरे की विरासत को आगे ले जाएंगे"। शिंदे ने गुवाहाटी के एक होटल के बाहर मीडिया से कहा कि गुवाहाटी में मेरे साथ 50 लोग हैं, वे अपनी मर्जी से और हिंदुत्व के लिए आए हैं। हम सभी जल्द ही मुंबई जाएंगे। एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग ये दावा कर रहे हैं कि गुवाहाटी में मौजूद विधायकों में से 2 दर्जन हमारे संपर्क में हैं, तो उनके नाम की लिस्ट सार्वजनिक क्यों नहीं करते हैं।
अयोग्यता नोटिस पर जवाब देने को 12 जुलाई तक समय
शिंदे ने दावा किया कि कुल 50 विधायक उनके साथ हैं। उन्होंने कहा कि गुवाहाटी में मौजूद सभी विधायक उनके साथ खुश हैं। शिंदे ने कहा कि जल्द ही आप सभी लोगों को आगे की भूमिका के बारे में बताएंगे और मुंबई लौटेंगे। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश में शिंदे गुट को अयोग्यता नोटिस पर जवाब दाखिल करने के लिए 12 जुलाई तक का समय दिया गया है।