दिल्ली-जयपुर समेत देश के 30 शहरों में होगा पानी का गहरा संकट: WWF Survey
नई दिल्ली। देश के 30 शहरों पर पानी का संकट मंडरा रहा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक आने वाले 20 सालों में ये शहर भारी जल संकट का सामना करेंगे, इसमें दिल्ली और मुंबई भी शामिल हैं। वर्ल्ड वाइड फंड (डब्ल्यू डब्ल्यू एफ) ने सोमवार को जारी किए एक अध्ययन में ये कहा है। रिपोर्ट कहती है कि दुनिया के 100 शहरों में 2050 तक जल संकट बहुत ज्यादा गहरा जाएगा। इसमें भारत के 30 तो चीन के 50 शहर हैं।

ये रिपोर्ट कहती है कि भारत के दिल्ली, जयपुर, इंदौर, अमृतसर, पुणे, श्रीनगर, कोलकाता, बेंगलुरु, मुंबई, कोझीकोड और विशाखापत्तनम समेत 30 शहरों में जल संकट का खतरा लगातार बढ़ रहा है। ये शहर हाई वाटर रिस्क की श्रेणी में रखे गए हैं। वैश्विक स्तर पर ज्यादा जनसंख्या वाले क्षेत्रों में यह संकट फिलहाल 17 फीसदी है। आने वाले 20 साल में यानी 2020 के मुकाबले 2050 तक ये 17 से बढ़कर 51 फीसदी हो जाएगा।
इस जल संकट से दुनिया में करीब 35 करोड़ लोग प्रभावित होंगे और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी इसका सीधा असर होगा और अर्थव्यवस्था पर इसका नकारात्मक असर देखने को मिलेगा। डब्ल्यू डब्ल्यू एफ के भारत में निदेशक सेजल वर्थ का कहना है कि भारत में शहर बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं। आने वाले समय में शहर ही भारत की पर्यावरणीय स्थिति को तय करेंगे। लगातार शहरीकरण के बीच पर्यावरण का कितना ख्याल रखा जाएगा, इससे ही इनका भविष्य तय होगा।












Click it and Unblock the Notifications