World TB Day 2023: 'भारत में सालाना 97 हजार लोगों की TB से मौत, 24 लाख केस', स्वास्थ्य मंत्री ने दिया अपडेट
दुनियाभर में आज 24 मार्च को वर्ल्ड टीबी डे मनाया जा रहा है। इसी मौक पर उत्तर प्रदेश के शहर वाराणसी में 'वन वर्ल्ड टीबी समिट' कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। जिसमें पीएम मोदी भी हिस्सा ले रहे हैं।

Health Minister Dr Mansukh Mandaviya in'One World TB Summit': दुनियाभर में आज 24 मार्च को वर्ल्ड टीबी डे मनाया जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ मनसुख मंडाविया ने उत्तर प्रदेश के शहर वाराणसी में आयोजित 'वन वर्ल्ड टीबी समिट' में कहा है कि आज विश्व टीबी दिवस है और जब भी हम इस बारे में बात करते हैं तो हम हमेशा इस बीमारी पर जीत के बारे में सोचते हैं। हमारी कामना है कि हम इस बीमारी से जीते।'
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ मनसुख मंडाविया ने अपने संबोधन में बताया कि भारत में सालाना 24 लाख टीबी के केस पाए जाते हैं और उनमें से 97 हजार लोगों की हर साल टीबी की वजह से मौत हो जाती है।
डॉ मनसुख मंडाविया ने कहा, ''टीबी की वजह से जान गंवाने वाले लोगों की जिंदगियों को बचाने का प्रयास करते हुए 2018 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश और दुनिया के सामने 2025 के अंत तक भारत को टीबी मुक्त करने की प्रतिबद्धता रखी थी।जबकि पूरे विश्व ने 2030 का लक्ष्य रखा था।''
डॉ मनसुख मंडाविया ने आगे कहा, ''जन-भागीदारी की भावना के साथ, पीएम नरेंद्र मोदी 2030 के वैश्विक लक्ष्य से पांच साल पहले, 2025 तक टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।''
उन्होंने कहा, ''टीबी को खत्म करने की दिशा में पिछले 8 सालों में उठाए गए कदमों के तहत हमें अच्छे परिणाम मिले हैं। इन प्रयासों में तेजी लाने के लिए हमने जन भागीदारी को इस कार्य का हिस्सा बनाया है। 09 सितंबर 2022 से लेकर 17 सितंबर तक पूरे देश में, पीएम मोदी के जन्मदिन के अवसर पर, हम सेवा सप्ताह मनाते हैं, और तभी टीबी उन्मूलन के लिए कार्यक्रम कराए थे।''
पीएम मोदी ने TB पर क्या कहा?
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, 2014 के बाद से भारत ने जिस नई सोच और अप्रोच के साथ टीबी के खिलाफ काम करना शुरू किया, वो वाकई अभूतपूर्व है। भारत के ये प्रयास पूरे विश्व को इसलिए भी जानने चाहिए क्योंकि ये टीबी के खिलाफ वैश्विक लड़ाई का एक नया मॉडल है।
पीएम मोदी ने कहा, कोई भी TB मरीज इलाज से छूटे नहीं, इसके लिए हमने नई रणनीति पर काम किया। TB के मरीजों की स्क्रीनिंग के लिए, उनके ट्रीटमेंट के लिए, हमने उन्हें आयुष्मान भारत योजना से जोड़ा है। TB की मुफ्त जांच के लिए हमने देशभर में लैब्स की संख्या बढ़ाई है।
पीएम मोदी ने कहा, आज भारत में TB के मरीजों की संख्या कम हो रही है। कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर को TB मुक्त अवार्ड से सम्मानित किया गया है। मैं इस सफलता को प्राप्त करने वाले लोगों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।












Click it and Unblock the Notifications