भगवान राम की सबसे लंबी प्रतिमा तैयार, पीएम मोदी ने किया लोकार्पण, क्या है इस मूर्ति की खासियत?
Lord Ram Tallest Statue: गोवा के शांत, हरियाली से भरे पर्तगल गांव में इन दिनों एक ऐतिहासिक क्षण आकार ले रहा है। समुद्र की ठंडी हवा और प्राचीन मठ की दिव्य शांति के बीच भगवान श्रीराम की ऐसी प्रतिमा खड़ी हो चुकी है, जिसे देखने भर से भक्ति और गर्व का एहसास होता है। पूरे 77 फीट ऊंची यह भव्य कांस्य प्रतिमा न सिर्फ गोवा की पहचान बदलने जा रही है, बल्कि दुनिया भर के राम भक्तों के लिए एक नया तीर्थ स्थल भी बन सकती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दक्षिण गोवा के केनाकोना स्थित श्री संस्थान गोकर्ण पर्तगालि जीवोत्थम मठ में भगवान राम की 77 फीट ऊंची विशाल प्रतिमा का अनावरण किया। कांस्य धातु से बनी यह प्रतिमा मठ की भव्यता के साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूती देती है। प्रधानमंत्री का यह दौरा मठ के 'सर्धा पंचशताब्दी महोत्सव', यानी 550वें स्थापना वर्ष के अवसर पर हुआ।

प्रतिमा की खासियत
यह प्रतिमा 77 फीट ऊंची है और दावा किया जा रहा है कि यह दुनिया की सबसे ऊंची भगवान राम की कांस्य प्रतिमा होगी। प्रतिमा को मशहूर शिल्पकार राम सुतार ने तैयार किया है, जिन्होंने गुजरात स्थित 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' को भी डिजाइन किया था।
ये भी पढ़ें: Ram Mandir Flag Hoisting: 'भारत के कण-कण में राम', धर्म ध्वजारोहण पर बोले PM मोदी, जानें संबोधन की खास बातें
पीएम मोदी का कार्यक्रम
मठ समिति के चेयरपर्सन श्रीनिवास देम्पो के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी दोपहर 3.45 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। मठ परिसर में उनके आगमन के लिए एक विशेष हेलीपैड बनाया गया था। प्रतिमा के अनावरण से पहले पीएम मोदी मठ में स्थित प्राचीन मंदिर के दर्शन किए, जिसके बाद एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम में शामिल होंगे कई गणमान्य
इस मौके पर गोवा के राज्यपाल अशोक गजपति राजू, मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाईक और राज्य कैबिनेट के अन्य मंत्री भी मौजूद रहे।
550 साल की परंपरा का उत्सव
मठ की 550 साल पुरानी परंपरा के उपलक्ष्य में 27 नवंबर से 7 दिसंबर तक कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मठ का यह परिसर 370 साल पहले दक्षिण गोवा के काणाकोना तालुका के पर्तगल गांव में बनाया गया था। इसे हमेशा से एक प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र माना जाता रहा है।
रोजाना 7 से 10 हजार भक्तों के आने की उम्मीद
इन आयोजनों के दौरान हर दिन 7,000 से 10,000 श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। बड़ी संख्या में आने वाले लोगों को ध्यान में रखते हुए मठ परिसर को पूरी तरह नया रूप दिया गया है। परिसर में आधुनिक सुविधाएँ जोड़कर इसे और व्यवस्थित बनाया गया है।
भक्ति, परंपरा और आधुनिकता का संगम
भगवान राम की यह विशाल प्रतिमा न केवल धार्मिक महत्व रखती है, बल्कि यह गोवा की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई भी देगी। भक्तों और स्थानीय लोगों में इस ऐतिहासिक पल को लेकर काफी उत्साह नजर आ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications