गर्व का दिन: गांधी जयंती पर लेह में दुनिया के सबसे बड़े खादी के तिरंगे का अनावरण
नई दिल्ली, 02 अक्टूबर: देशभर में महात्मा गांधी की 152वीं जयंती मनाई जा रही है। इस मौके पर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर बापू को याद किया जा रहा है। इसी बीच दुनिया का सबसे बड़ा खादी राष्ट्रीय ध्वज लेह में लगाया गया। लद्दाख के उपराज्यपाल आरके माथुर ने शनिवार को केंद्र शासित प्रदेश में खादी के कपड़े से बने तिरंगे का अनावरण किया। इस दौरान सेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे भी मौजूद रहे।
Recommended Video

खादी राष्ट्रीय ध्वज का 1 हजार KG वजन
देश के केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख की राजधानी लेह की जनस्कार पहाड़ी पर इस तिरंगे को लगाया गया है। जानकारी के अनुसार ध्वज की लंबाई 225 फीट और चौड़ाई 150 फीट और वजन 1000 किलोग्राम है। इस तिरंगे को मुंबई की एक प्रिंटिंग कंपनी की मदद से तैयार किया गया है। देखें वीडियो...
मनोज मुकुंद नरवणे भी रहे मौजूद
दरअसल, सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे लद्दाख के 2 दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान सेना के कई वरिष्ठ अधिकारियों के साथ इस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने ध्वज अनावरण को भारत के लिए बहुत गर्व का क्षण बताया। मंडाविया ने ट्वीट करते हुए लिखा कि गांधी जी की जयंती पर लद्दाख के लेह में दुनिया के सबसे बड़े खादी तिरंगे का अनावरण किया गया। मैं इस भाव को सलाम करता हूं, जो बापू की स्मृति को याद करता है। भारतीय कारीगरों को बढ़ावा देता है और राष्ट्र का सम्मान करता है।
70 कारीगरों को लगे 49 दिन
आपको बता दें कि इस तिरंगे को तैयार करने के लिए करीब 4500 मीटर खादी के कपड़े का इस्तेमाल किया गया है। तिरंगा कुल 37,500 वर्ग फीट के इलाके को कवर करता है। इस राष्ट्रीय ध्वज को बनाने के लिए 70 कारीगरों को 49 दिन लगे हैं।












Click it and Unblock the Notifications