Chhattisgarh News: रेडियो की विश्वसनीयता और एआई की गति से जनसेवा होगी और सशक्त : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने रायपुर में विश्व रेडियो दिवस मनाया, सटीक जानकारी, आपातकालीन अलर्ट, मौसम, कृषि मार्गदर्शन और स्वास्थ्य अपडेट के लिए रेडियो में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बढ़ती भूमिका पर ध्यान दिया, साथ ही आकाशवाणी रायपुर और यूनेस्को के योगदान की प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में विश्व रेडियो दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने ‘वंदे मातरम’ के नए गायन संस्करण की पेन ड्राइव लॉन्च की।

मुख्यमंत्री ने विश्व रेडियो दिवस की शुभकामनाएं देते हुए आकाशवाणी रायपुर और यूनेस्को को आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष की थीम ‘रेडियो और एआई’ बेहद प्रासंगिक है। सूचना क्रांति के दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में एआई के माध्यम से रेडियो को अधिक जनोपयोगी बनाने पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। सही समय पर सही जानकारी नागरिकों के विकास में अहम भूमिका निभाती है और इसमें रेडियो की भूमिका हमेशा प्रभावी रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आकाशवाणी देश का सबसे भरोसेमंद समाचार प्रसारक है। निजी चैनलों के बीच तेज़ खबर देने की प्रतिस्पर्धा के बावजूद आकाशवाणी ने संतुलित और जनहितकारी पत्रकारिता की परंपरा को कायम रखा है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में रेडियो सूचना, शिक्षा और स्वस्थ मनोरंजन का सशक्त माध्यम है। दूरस्थ गांवों तक अन्य संचार साधनों की पहुंच से पहले रेडियो ही देश-दुनिया से जुड़ने का प्रमुख माध्यम था। किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए आकाशवाणी आज भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘मन की बात’ जैसे लोकप्रिय कार्यक्रम के लिए रेडियो का चयन इसकी व्यापक पहुंच और प्रभाव को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में आकाशवाणी के छह स्टेशन संचालित हैं और रायपुर से विविध भारती सेवा प्रसारित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि ‘रेडियो और एआई’ संचार के क्षेत्र में नई क्रांति ला सकता है। एआई की मदद से कंटेंट को अधिक सटीक, प्रभावी और त्वरित बनाया जा सकता है। आपातकालीन सूचनाएं, मौसम पूर्वानुमान, कृषि सलाह और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी तेज़ी से प्रसारित की जा सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ डिजिटल भविष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। नवा रायपुर में देश का पहला एआई डेटा सेंटर पार्क स्थापित किया जा रहा है, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और तकनीकी सुरक्षा के क्षेत्र में नए अवसर सृजित होंगे। नई औद्योगिक नीति के माध्यम से नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है और डिजिटल तकनीक से अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आकाशवाणी के माध्यम से छत्तीसगढ़ी, गोंडी और हल्बी भाषाओं में प्रसारण से स्थानीय जुड़ाव मजबूत हुआ है और श्रोताओं की रुचि बढ़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेडियो की विश्वसनीयता और एआई की गति मिलकर जनसेवा को और अधिक सशक्त बनाएंगी तथा विकसित भारत के लिए विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प सभी के सहयोग से साकार होगा।
कार्यक्रम में यूनेस्को की रीजनल एडवाइजर ऑफ कम्युनिकेशन एंड इनफॉर्मेशन हज़्ज़ाज़ मा'अली ने भी विश्व रेडियो दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रेडियो दुनिया का सबसे व्यापक और विश्वसनीय माध्यम है, जिसने कठिन समय में भी सही जानकारी उपलब्ध कराई है। एआई के जरिए रेडियो को और प्रभावी बनाया जा सकता है और इस दिशा में ठोस प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने बताया कि आकाशवाणी रायपुर छत्तीसगढ़ी और हिंदी भाषा में पूरे प्रदेश, विशेषकर आदिवासी बहुल क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहा है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, आकाशवाणी के महानिदेशक राजीव कुमार जैन, उप महानिदेशक व्ही. राजेश्वर सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications