महिला को बंधक बनाकर कई दिनों तक किया गैंगरेप, इस तरह चंगुल से छूटी पीड़िता
नई दिल्ली। देश में महिलाओं के साथ गैंगरेप की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही है। एक बार फिर से ओडिशा के पुरी में महिला को 10 दिन तक बंधक बनाकर उसके साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार पश्चिम बंगाल की महिला को बदमाशों ने बंधक बना लिया था और उसे ओडिशा के पुरी में 10 दिनों तक बंधक बनाकर रखा। पुलिस ने बताया कि बदमाशों ने महिला के साथ कथित रूप से 10 दिनों तक गैंगरेप किया है, हम इस मामले की जांच कर रहे हैं।
इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है। पुरी के जिला डीएसपी गैगरिन मोहंती ने बताया कि इस मामले में दोनों ही संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई है कि पीड़िता को दूसरी महिला और एक व्यक्ति ने मिलकर देह व्यापार के धंधे में जबरन धकेल दिया। जिस महिला ने पीड़िता को देह व्यापार के धंधे में जबरन धकेला उसका नाम काजल है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित महिला ने उसे इस बात की जानकारी दी है कि उसके अलावा कई और महिलाओं को भी जबरन बंधक बनाकर रखा गया है और उनके साथ कई दिनों तक रेप किया गया।
बुधवार को पीड़ित महिला घर की छत पर किसी तरह से पहुंचक मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद पुलिस ने पीड़िता को यहां से छुड़ाया। पीड़िता को पुरी के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भाजपा और कांग्रेस के महिला एक्टिविस्ट ने पीड़िता से मुलाकात की है और प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।
इसे भी पढ़ें- महिला की पोशाक में सोशल मीडिया पर डाला म्यूजिक वीडियो, आलोचना से तंग आकर कर ली आत्महत्या