घर में अकेले रह रही बुजुर्ग महिला गलती से बेड बॉक्स में हुईं बंद, CCTV की मदद से बची जान
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में एक महिला गलती से बेड बॉक्स में बंद हो गईं। काफी कोशिश के बाद भी वो नहीं निकल पाईं और हार मानकर उसी में बैठ गईं। इस बीच उनकी पोती ने सीसीटीवी फुटेज देखा और पुलिस को फोन किया। मामले में तत्परता दिखते हुए दिल्ली पुलिस ने भी तुरंत महिला को वहां से रेस्क्यू कर लिया। दिल्ली पुलिस के इस काम की लोग काफी तारीफ कर रहे हैं।
दरअसल करोल बाग इलाके में एक 84 वर्षीय बुजुर्ग महिला रहती हैं। गुरुवार को बेड बॉक्स में वो कोई काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक गलती से बेड बॉक्स में ही बंद हो गईं। उम्र और कमजोरी के कारण वो उसमें से नहीं निकल पाईं। इसी बीच उनकी पोती नैन्सी ने मोबाइल फोन पर सीसीटीवी कैमरे का लाइव फुटेज देखा, तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर फोन किया।
पुलिस उपायुक्त (मध्य) संजय भाटिया के मुताबिक मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तुरंत उस घर में पहुंची। इस दौरान वो अपने साथ हथौड़े भी ले गए थे, जिससे उन्होंने दरवाजा तोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने देखा कि महिला बेड बॉक्स के अंदर बंद थीं। उन्हें तुरंत रेस्क्यू किया गया। महिला की हालत अब स्थिर बताई जा रही है। पुलिस टीम के मुताबिक अगर वो वक्त से न पहुंचते तो महिला की जान को खतरा हो सकता था।