क्या वोट चोरी के खिलाफ राहुल गांधी जाएंगे कोर्ट? सवाल पूछे जाने पर कांग्रेस नेता ने क्या जवाब दिया ?
Rahul Gandhi Vote Theft: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार, 18 सितंर को एक बार फिर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार पर हमला बोला। कांग्रेस नेता ने अपने वोट चोरी के आरोपों को और भी गंभीरता से दोहराया। राहुल गांधी ने दावा किया कि देशभर में वोटरों की सूची से व्यवस्थित तरीके से नाम हटाए जा रहे हैं और यह एक बड़े पैमाने पर हो रहा षड्यंत्र है।
राहुल गांधी ने सीईसी ज्ञानेश कुमार से कहा है कि कर्नाटक की क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CID) को वोट डिलीशन के आरोपों पर एक हफ्ते के भीतर जवाब दिया जाए।

उन्होंने बताया कि पिछले 18 महीनों में CID ने चुनाव आयोग से 18 बार इस मामले पर जानकारी मांगी है, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।
"हम सच्चाई सामने रख रहे हैं"
पत्रकारों से बातचीत में राहुल गांधी ने कहा, "हम आपके सामने आपराधिकता रख रहे हैं। हमारा काम है सच्चाई को उजागर करना। चुनाव आयोग के अलावा न्यायपालिका जैसी संस्थाओं को भी इस मामले की जांच करनी चाहिए। हमने साफ दिखा दिया है कि एक ही ताकत वोटरों के नाम जोड़ और हटा रही है।"
उन्होंने यह भी कहा कि यही ताकत देश के कई राज्यों की मतदाता सूचियों को प्रभावित कर रही है। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले उनका यह आरोप और भी अहम माना जा रहा है।
"लोकतंत्र की रक्षा मेरी जिम्मेदारी नहीं" : Rahul Gandhi
जब राहुल गांधी से पूछा गया कि वे आगे क्या कदम उठाएंगे और क्या अदालत का रुख करेंगे, तो उन्होंने कहा, "ईमानदारी से कहूं तो यह मेरा काम नहीं है। मेरा काम लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेना है। लोकतंत्र की रक्षा देश की संस्थाओं की जिम्मेदारी है। लेकिन क्योंकि वे अपना काम नहीं कर रही हैं, इसलिए मुझे यह कहना पड़ रहा है।"
राहुल गांधी ने कहा कि आने वाले दो-तीन महीनों में उनकी टीम और भी प्रस्तुतियां देगी और उसके बाद यह पूरी तरह साफ हो जाएगा कि राज्य दर राज्य और लोकसभा दर लोकसभा वोट चोरी हुई है। कांग्रेस नेता ने चौंकाने वाला दावा करते हुए कहा कि अब उन्हें चुनाव आयोग के भीतर से ही जानकारी मिल रही है। उन्होंने कहा, "यह पहले नहीं हो रहा था, लेकिन अब चुनाव आयोग के भीतर से लोग हमें मदद कर रहे हैं। यह सिलसिला रुकने वाला नहीं है। भारत की जनता वोट चोरी को कभी स्वीकार नहीं करेगी।"
राहुल गांधी अदालत का रुख करेंगे या नहीं?
जब उनसे पूछा गया कि यदि चुनाव आयोग जवाब नहीं देता तो क्या वे अदालत जाएंगे, राहुल गांधी ने कहा कि उनका काम लोकतंत्र को बचाना नहीं बल्कि सच को जनता तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा, "मैं विपक्ष का नेता हूं। एक देशभक्त भारतीय और संविधान को मानने वाले नागरिक के तौर पर मेरा काम है जनता के सामने सच रखना। लोकतंत्र को बचाना भारत की जनता का काम है, किसी और का नहीं।"
राहुल गांधी ने आगे कहा कि यह समस्या नई नहीं है बल्कि बीते 10-15 सालों से चल रही है। उन्होंने कहा, "भारत का लोकतंत्र हाइजैक हो चुका है और अब यह जनता पर निर्भर करता है कि इसे कैसे बचाया जाए।"












Click it and Unblock the Notifications