Get Updates
Get notified of breaking news, exclusive insights, and must-see stories!

रायबरेली की लोकसभा सीट छोड़ राज्यसभा क्यों जा रही हैं सोनिया गांधी, चिट्ठी में किया खुलासा

Sonia Gandhi news: लोकसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस में उस वक्त एक बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राजस्थान से राज्यसभा के लिए नामांकन किया।

इसके बाद हर किसी के मन में सवाल उठा कि आखिर सोनिया गांधी अपनी लोकसभा सीट क्यों छोड़ रही हैं और उनके बाद गांधी परिवार का गढ़ रही रायबरेली सीट से कौन चुनाव लड़ेगा?

Sonia Gandhi

इस सवाल का जवाब अब खुद सोनिया गांधी ने ही दे दिया है। दरअसल, सोनिया गांधी ने रायबरेली की जनता के नाम एक चिट्ठी लिखी है और इस चिट्ठी में लोकसभा चुनाव ना लड़ने की वजह बताई है। सोनिया गांधी की इस चिट्ठी को कांग्रेस ने अपने एक्स (ट्विटर) हैंडल पर शेयर किया है। आइए जानते हैं कि सोनिया गांधी ने इस चिट्ठी में क्या लिखा है?

ये है सोनिया गांधी की चिट्ठी
सोनिया गांधी ने अपनी चिट्ठी में लिखा, 'रायबरेली के मेरे स्नेही परिवारीजन, मेरा परिवार दिल्ली में अधूरा है। वह रायबरेली आकर, आप लोगों में मिलकर पूरा होता है। यह नेह-नाता बहुत पुराना है और अपनी ससुराल से मुझे सौभाग्य की तरह मिला है। रायबरेली के साथ हमारे परिवार के रिश्तों की जड़ें बहुत गहरी हैं।'

सोनिया गांधी ने आगे लिखा, 'आजादी के बाद हुए पहले लोकसभा चुनाव में आपने मेरे ससुर फीरोज गांधी जी को यहां से जिताकर दिल्ली भेजा। उनके बाद मेरी सास इंदिरा गांधी जी को आपने अपना बना लिया। तब से अब तक, यह सिलसिला जिंदगी के उतार चढ़ाव और मुश्किल भरी राह पर प्यार और जोश के साथ आगे बढ़ता गया और इसपर हमारी आस्था मजबूत होती चली गई।

अपनी चिट्ठी में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे लिखा, 'इसी रौशन रास्ते पर आपने मुझे भी चलने की जगह दी। सास और जीवनसाथी को हमेशा के लिए खोकर मैं आपके पास आई और आपने अपना आंचल मेरे लिए फैला दिया। पिछले दो चुनावों में विषम परिस्थितियों में भी आप एक चट्टान की तरह मेरे साथ खड़े रहे, मैं यह कभी भूल नहीं सकती। यह कहते हुए मुझे गर्व है कि आज मैं जो कुछ भी हूं, आपकी बदौलत हूं और मैंने इस भरोसे को निभाने की हरदम कोशिश की है।'

वहीं, लोकसभा चुनाव ना लड़ने की वजह बताते हुए सोनिया गांधी ने लिखा, 'अब स्वास्थ्य और बढ़ती उम्र के चलते मैं अगला लोकसभा चुनाव नहीं लड़ूंगी। इस निर्णय के बाद मुझे आपकी सीधी सेवा का अवसर नहीं मिलेगा, लेकिन यह तय है कि मेरा मन-प्राण हमेशा आपके साथ रहेगा। मुझे पता है कि आप भी हर मुश्किल में मुझे और मेरे परिवार को वैसे ही संभाल लेंगे, जैसे अब तक संभालते आए हैं। जल्द मिलने का वादा, आपकी सोनिया गांधी।'

हालांकि सोनिया गांधी ने फिलहाल अपनी चिट्ठी में इस बात का कोई जिक्र नहीं किया है कि उनके बाद रायबरेली लोकसभा सीट से कौन चुनाव लड़ेगा, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि उनकी बेटी प्रियंका गांधी इस सीट से मैदान में उतर सकती हैं।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+