अचानक अमेरिका, यूके और कनाडा क्यों जा रहे मोहन भागवत? RSS प्रमुख के दौरे के पीछे क्या है बड़ी वजह?
Mohan Bhagwat US Visit: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत अगस्त के आखिर में अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन के दौरे पर जाएंगे. संघ के शताब्दी वर्ष के मौके पर होने वाला यह दौरा खास माना जा रहा है. भागवत 25 अगस्त को अमेरिका पहुंचेंगे और 29 अगस्त को न्यूयॉर्क में हिंदू अमेरिकियों की एक बड़ी सभा को संबोधित करेंगे.
इस कार्यक्रम में अमेरिका के अलग-अलग हिस्सों से हिंदू सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है. इस दौरान एकता, सामाजिक सद्भाव और नागरिक जिम्मेदारी जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी. भागवत भारतीय मूल के लोगों और स्थानीय संगठनों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे.

29 अगस्त को न्यूयॉर्क में बड़ा कार्यक्रम
मोहन भागवत 29 अगस्त को न्यूयॉर्क शहर में आयोजित 'यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन' को संबोधित करेंगे. इस कार्यक्रम में अमेरिका के अलग-अलग राज्यों से हिंदू समुदाय के लोग शामिल होंगे. आयोजकों के मुताबिक इसमें सांस्कृतिक, आध्यात्मिक, सेवा और सामुदायिक संगठनों की भागीदारी होगी. कार्यक्रम का आयोजन रक्षाबंधन के आसपास किया जा रहा है. इसका मुख्य उद्देश्य हिंदू समुदाय के बीच एकता, सामाजिक सद्भाव और नागरिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है.
ये भी पढ़ें: आरक्षण पर फिर छिड़ी जंग! RSS चीफ भागवत के बयान पर भड़कीं मायावती, बोलीं- 'क्रीमी लेयर’ की बात ही क्यों?
कौन-कौन लोग होंगे शामिल?
न्यूयॉर्क के इस कार्यक्रम में समाज के अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े लोगों के पहुंचने की उम्मीद है. इनमें समुदाय के नेता, उद्यमी, डॉक्टर, शिक्षक, वकील, कलाकार, चुने हुए प्रतिनिधि, पूर्व सैनिक, युवा नेता, धार्मिक नेता और स्वयंसेवक शामिल हैं. इसके अलावा अमेरिका के मंदिरों, योग संस्थानों, शिक्षण संस्थानों, सेवा समूहों और क्षेत्रीय संगठनों के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में हिस्सा ले सकते हैं. अलग-अलग धार्मिक समुदायों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है.
'वसुधैव कुटुंबकम' पर रहेगा जोर
आयोजकों के मुताबिक कार्यक्रम का आधार भारत का प्राचीन दर्शन 'वसुधैव कुटुंबकम' होगा, जिसका अर्थ है कि पूरी दुनिया एक परिवार है. इसके जरिए अलग-अलग समुदायों के बीच बातचीत, आपसी सम्मान और साझा जिम्मेदारी को बढ़ावा देने की कोशिश की जाएगी. आयोजकों का कहना है कि विविध परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान के बावजूद साझा मूल्यों के आधार पर एकजुट हुआ जा सकता है. सामाजिक सेवा और सद्भाव पर भी जोर रहेगा.
ये भी पढ़ें: Delhi Protest: Pellet Gun आरोपों पर मोहन भागवत बोले- 'मुझे Facts नहीं पता, Gen Z पर आंख मूंदकर भरोसा करूंगा'
तीन देशों के दौरे पर जाएंगे भागवत
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत 25 अगस्त से अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन के दौरे पर रहेंगे. वह सबसे पहले अमेरिका पहुंचेंगे. इसके बाद कनाडा और ब्रिटेन जाने का कार्यक्रम है. इन देशों में रहने वाले भारतीय मूल के लोगों और स्थानीय संगठनों से जुड़े प्रतिनिधियों ने उन्हें आमंत्रित किया है. इस दौरान भागवत विभिन्न संगठनों और समुदाय के लोगों से मुलाकात कर बातचीत करेंगे. हालांकि उनके पूरे दौरे का विस्तृत कार्यक्रम अभी सामने नहीं आया है.
संघ के शताब्दी वर्ष में दौरा अहम
मोहन भागवत का यह विदेश दौरा आरएसएस के शताब्दी वर्ष के मौके पर हो रहा है. आरएसएस के प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि भागवत तीन देशों की यात्रा करेंगे और भारतीय मूल के लोगों के साथ स्थानीय संगठनों के प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे. न्यूयॉर्क का कार्यक्रम इस दौरे का प्रमुख आकर्षण होगा, जहां हिंदू अमेरिकियों की बड़ी सभा को भागवत संबोधित करेंगे.


Click it and Unblock the Notifications
