NDA Party Meeting: संसद में एनडीए दल की बैठक क्यों हुई? बजट से चीन विवाद तक किन मुद्दों पर बनेगी रणनीति
NDA Parliamentary Party Meeting: संसद के बजट सत्र के बीच आज राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की संसदीय दल की बैठक को लेकर सियासी हलकों में खास हलचल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस अहम बैठक में शामिल होने के लिए संसद भवन परिसर पहुंच गए हैं।
उनसे पहले गृह मंत्री अमित शाह भी बैठक में शिरकत करने पहुंचे। यह बैठक ऐसे समय पर हो रही है, जब संसद के दोनों सदनों में बजट 2026 को लेकर चर्चा चल रही है और विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है। जानिए क्यों अहम है बीजेपी की ये मीटिंग...

BJP Allies Meeting Strategy : बैठक की जरूरत क्यों पड़ी?
दरअसल, एनडीए संसदीय दल की यह बैठक सिर्फ एक औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि इसके पीछे कई बड़े राजनीतिक और रणनीतिक कारण हैं। एक तरफ जहां सरकार ने हाल ही में यूनियन बजट 2026 पेश किया है, वहीं दूसरी ओर विपक्ष संसद में सरकार को घेरने के लिए नए-नए मुद्दे उठा रहा है। खासतौर पर सोमवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा चीन से जुड़े एक मुद्दे पर एक मैगज़ीन रिपोर्ट का हवाला देने की कोशिश के बाद जोरदार हंगामा हुआ था।
इस विवाद की जड़ पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे (सेवानिवृत्त) की एक अप्रकाशित पुस्तक से जुड़े कथित उद्धरण बताए जा रहे हैं। स्पीकर द्वारा आपत्ति जताए जाने और सत्ता पक्ष के विरोध के बाद सदन की कार्यवाही बार-बार बाधित करनी पड़ी। ऐसे में सरकार चाहती है कि एनडीए के सभी सांसद एकजुट होकर विपक्ष के आरोपों का तथ्यों और नियमों के दायरे में सख्त जवाब दें।
NDA Meeting in Parliament: विपक्ष को घेरने की रणनीति
सूत्रों के मुताबिक, एनडीए संसदीय दल की बैठक में इस बात पर विशेष चर्चा होगी कि संसद के भीतर और बाहर विपक्ष के हमलों का जवाब कैसे दिया जाए। चीन, राष्ट्रीय सुरक्षा, सेना और विदेश नीति जैसे संवेदनशील मुद्दों पर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों का जवाब देने के लिए सांसदों को एक साझा लाइन दी जाएगी, ताकि सरकार का पक्ष मजबूती और एकरूपता के साथ रखा जा सके।
प्रधानमंत्री मोदी आमतौर पर ऐसी बैठकों में सांसदों को स्पष्ट संदेश देते हैं कि संसद में नियमों और मर्यादाओं के तहत कैसे विपक्ष को जवाब देना है और किन मुद्दों पर आक्रामक रुख अपनाना है। माना जा रहा है कि इस बैठक में भी पीएम मोदी सांसदों को विपक्ष की रणनीति समझाते हुए "तैयार और सतर्क" रहने का मंत्र देंगे।
NDA Strategy Budget sSession: बजट 2026 सबसे बड़ा एजेंडा
इस बैठक का दूसरा और सबसे अहम मुद्दा है यूनियन बजट 2026। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को बजट पेश किया, जिसमें आर्थिक विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर, रोजगार, मैन्युफैक्चरिंग और सामाजिक कल्याण से जुड़े कई बड़े ऐलान किए गए हैं। अब सरकार की कोशिश है कि बजट की इन खासियतों और फायदों को आम जनता तक सही और प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाए।
बैठक के दौरान सांसदों को इस बात की गाइडलाइंस दी जाएंगी कि वे अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में बजट के प्रावधानों को किस तरह सरल भाषा में लोगों को समझाएं। इसके लिए एक रोडमैप भी पेश किया जाएगा, ताकि बजट का राजनीतिक और जनसंपर्क लाभ सरकार को मिल सके।
पीएम मोदी का संबोधन क्यों अहम?
एनडीए संसदीय दल की इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सांसदों को संबोधित करेंगे। यह संबोधन इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि पीएम मोदी अक्सर ऐसी बैठकों में सिर्फ मौजूदा मुद्दों पर ही नहीं, बल्कि आगे की राजनीतिक दिशा और सरकार के दीर्घकालिक विजन पर भी बात करते हैं।
माना जा रहा है कि पीएम मोदी बजट 2026 को "विकसित भारत 2047" के लक्ष्य से जोड़ते हुए बताएंगे कि यह बजट कैसे अगले दो दशकों में भारत को एक मजबूत और आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था बनाने की नींव रखता है। साथ ही वह सांसदों को यह भी सुझाव देंगे कि जनता के बीच किन मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाए।
निर्मला सीतारमण की प्रेजेंटेशन
बैठक में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक विस्तृत प्रेजेंटेशन के जरिए बजट की मुख्य बातें और सरकार की भविष्य की सोच सामने रखेंगी। इसमें यह समझाया जाएगा कि बजट के फैसले किस तरह रोजगार सृजन, निवेश बढ़ाने और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने में मदद करेंगे। सांसदों को यह भी बताया जाएगा कि विपक्ष के संभावित सवालों और आलोचनाओं का जवाब कैसे देना है।
संसद में हो रही एनडीए संसदीय दल की यह बैठक बजट 2026 को जनता तक पहुंचाने, विपक्ष के हमलों का जवाब देने और आने वाले राजनीतिक घटनाक्रमों के लिए एक ठोस रणनीति तैयार करने का मंच है। यही वजह है कि इस बैठक को मौजूदा बजट सत्र की सबसे अहम राजनीतिक बैठकों में से एक माना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications