Garib Rath Fire: गरीब रथ एक्सप्रेस में आखिर कैसे लगी आग? यात्रियों में मची भगदड़, AC कोच जलकर खाक
Garib Rath Express Fire: लुधियाना से दिल्ली जा रही अमृतसर-सहरसा गरीब रथ एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12204) में शनिवार (18 अक्टूबर) सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह हादसा पंजाब के सरहिंद रेलवे स्टेशन से करीब आधा किलोमीटर आगे हुआ, जब ट्रेन के 19 नंबर एसी कोच से अचानक धुआं उठने लगा। यात्रियों ने जब यह देखा तो तुरंत शोर मचाते हुए चेन खींच दी और ट्रेन को रोक दिया गया।
घटना सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है। ट्रेन सरहिंद स्टेशन को पार कर चुकी थी कि एक यात्री ने बोगी से धुआं उठते देखा। उसने तुरंत दूसरों को सतर्क किया और इमरजेंसी चेन खींच दी। चंद मिनटों में ही एसी कोच में धुएं के साथ आग की लपटें दिखने लगीं। बोगी में बैठे यात्री अपना सामान छोड़कर नीचे उतरने लगे। कई लोग धक्का-मुक्की में घायल भी हुए, जबकि कुछ का सामान जलती बोगी में ही छूट गया।

लोको पायलट ने लगाई इमरजेंसी ब्रेक, मौके पर पहुंची पुलिस-रेलवे टीम
ट्रेन के लोको पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। राहत कार्य शुरू हुआ और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
राहत दल ने सबसे पहले आग लगी बोगी नंबर 19 को ट्रेन से अलग किया। हालांकि तब तक आग पास वाली 18 नंबर बोगी तक पहुंच चुकी थी। उसके आधे हिस्से में भी नुकसान हुआ। आग बुझने तक बोगी नंबर 19 पूरी तरह जल चुकी थी।
रेलवे का बयान ,"कोई जनहानि नहीं, ट्रेन को जल्द रवाना किया जाएगा"
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की सूचना सुबह करीब साढ़े 7 बजे मिली। तुरंत सभी यात्रियों को सुरक्षित दूसरे डिब्बों में शिफ्ट कर दिया गया और आग बुझाने का काम पूरा कर लिया गया। रेलवे ने साफ किया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। ट्रेन को जांच पूरी होने के बाद दोबारा रवाना कर दिया जाएगा।
'धुआं बहुत था, समय पर ट्रेन रुक गई वरना बड़ा हादसा हो सकता था'
लुधियाना निवासी मुकेश गौतम, जो 18 नंबर बोगी में सफर कर रहे थे, ने बताया कि धुआं देखकर लोग इधर-उधर भागने लगे। "हमारे कोच में बैठे कई यात्री डर के मारे नीचे उतर गए। शुक्र है कि ट्रेन समय पर रुक गई, नहीं तो कुछ भी हो सकता था।"
कारण बना शॉर्ट सर्किट, सभी यात्री सुरक्षित (Garib Rath Acciden)
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग एसी बोगी में शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। इसमें लुधियाना के कई व्यापारी सफर कर रहे थे। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई। रेलवे ने जांच के आदेश दे दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications