'मैं बाबा बागेश्वर तो हूं नहीं', IIT दिल्ली के छात्रों से PM मोदी ने ऐसा क्यों कहा? जान लीजिए पूरा मसला?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार 08 अगस्त को IIT दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह में पहुंचे। यहां उन्होंने डिग्री पाने वाले छात्रों को नई शुरुआत के लिए बधाई दी। भाषण के दौरान पीएम मोदी का अंदाज अचानक थोड़ा हल्का-फुल्का हो गया। उन्होंने छात्रों के भविष्य की योजनाओं का जिक्र करते हुए ऐसी बात कही, जिस पर मौजूद छात्र मुस्कुराने लगे।
पीएम मोदी ने कहा, "मैं बाबा बागेश्वर तो नहीं हूं, लेकिन इतना जरूर है कि आप सभी के मन में कुछ न कुछ जरूर चल रहा होगा।" दरअसल वह यह बताना चाहते थे कि दीक्षांत के इस मौके पर हर छात्र के दिमाग में अपने आने वाले कल को लेकर कई तरह के सवाल और सपने होंगे।

पीएम मोदी ने छात्रों से कहा कि आगे मिलने वाली हर सफलता में उन्हें इन लोगों का योगदान याद रखना चाहिए और उनके लिए आभारी रहना चाहिए। यानी "मैं बाबा बागेश्वर तो नहीं हूं" वाला मजाक सिर्फ भाषण का हल्का पल नहीं था। इसके पीछे पीएम मोदी का बड़ा संदेश था। हर छात्र के मन में भविष्य की अपनी तस्वीर है, लेकिन असली काम उस तस्वीर को मेहनत, सीखने की आदत और देश के प्रति जिम्मेदारी के साथ हकीकत में बदलना है।
नौकरी से स्टार्टअप तक, हर छात्र के मन में क्या चल रहा होगा?
पीएम मोदी ने छात्रों के भविष्य की अलग-अलग तस्वीर सामने रखी। उन्होंने कहा कि किसी के मन में पहली नौकरी का ख्याल होगा। कोई अपनी पहली सैलरी को लेकर उत्साहित होगा। कुछ छात्र शायद नौकरी की जगह अपना स्टार्टअप शुरू करने की तैयारी कर रहे होंगे।
वहीं कई छात्रों का अगला लक्ष्य प्रतियोगी परीक्षाएं हो सकती हैं। यानी डिग्री मिलने के साथ हर छात्र के सामने आगे बढ़ने का अपना रास्ता है। लक्ष्य अलग हैं, लेकिन आज के दिन सभी के चेहरे पर एक जैसा उत्साह है। पीएम मोदी ने छात्रों से IIT दिल्ली में बिताए अपने शुरुआती दिनों को भी याद करने को कहा। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है जैसे कल ही उनका ओरिएंटेशन हुआ था और देखते ही देखते दीक्षांत का दिन आ गया। अब कैंपस से निकलकर छात्रों की जिंदगी का एक नया चैप्टर शुरू होने वाला है।
'दुनिया तेजी से बदल रही है', टेक्नोलॉजी पर PM मोदी का फोकस
पीएम मोदी ने छात्रों को सिर्फ नौकरी या करियर तक सीमित रहने की सलाह नहीं दी। उन्होंने तेजी से बदलती दुनिया और टेक्नोलॉजी की भूमिका पर भी बात की। उन्होंने कहा कि आज दुनिया का ग्लोबल ऑर्डर तेजी से बदल रहा है। इसके पीछे टेक्नोलॉजी बड़ी ताकत है।
आने वाले 20 से 30 साल में दुनिया किस रूप में होगी, इसका सटीक अंदाजा लगाना मुश्किल है। लेकिन एक बात तय है। टेक्नोलॉजी बदलेगी और उसके साथ काम करने का तरीका भी बदलेगा। ऐसे में वही लोग आगे रहेंगे जो खुद को लगातार अपडेट करते रहेंगे और नई चीजें सीखते रहेंगे।
'मेडल जीतने वालों में और लड़कियां होनी चाहिए थीं', PM ने क्यों कहा ऐसा?
दीक्षांत समारोह में कई छात्रों को उनकी उपलब्धियों के लिए मेडल भी मिले। पीएम मोदी ने मेडल पाने वाले छात्रों को बधाई दी। इसी दौरान उन्होंने IIT में महिला छात्रों की संख्या को लेकर भी बात रखी।
उन्होंने कहा, "मुझे खुशी है कि कई छात्रों को उनकी उपलब्धियों के लिए मेडल मिले हैं। लेकिन अगर इनमें कुछ और लड़कियां होतीं तो मुझे और अच्छा लगता। सिर्फ एक-दो क्यों? इनकी संख्या और ज्यादा होनी चाहिए।" पीएम मोदी का इशारा तकनीकी शिक्षा में महिलाओं की ज्यादा भागीदारी की तरफ था। उन्होंने इस बात को आगे बढ़ाने की जरूरत बताई।
आजादी की पीढ़ी से विकसित भारत की पीढ़ी तक
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में देश की पुरानी पीढ़ी के संघर्ष को भी याद किया। उन्होंने कहा कि हर पीढ़ी के सामने एक खास जिम्मेदारी होती है। आजादी से पहले देश के लोगों के सामने सबसे बड़ा लक्ष्य भारत को गुलामी से बाहर निकालना था। इसके लिए उस दौर के लोगों ने लंबा संघर्ष किया। कई लोगों ने त्याग किया और कुर्बानी दी।
पीएम मोदी ने कहा कि आज की पीढ़ी आजाद भारत में सांस ले रही है। यह उस पीढ़ी की मेहनत और बलिदान का नतीजा है। लेकिन आज की चुनौतियां अलग हैं। इसलिए आज की पीढ़ी की जिम्मेदारी भी अलग है।
'आप अगले 30-35 साल में जो करेंगे, उसका असर देश पर पड़ेगा'
पीएम मोदी ने IIT दिल्ली के छात्रों को उनके अगले तीन दशकों की जिम्मेदारी याद दिलाई। उन्होंने कहा कि आने वाले 30 से 35 साल में छात्र जो भी काम करेंगे, उसका असर भारत के विकसित देश बनने की यात्रा पर पड़ेगा।
इसलिए करियर के फैसले सिर्फ व्यक्तिगत फायदे को देखकर नहीं होने चाहिए। पीएम मोदी ने छात्रों से कहा कि जब भी कोई बड़ा फैसला लें तो एक सवाल खुद से जरूर पूछें-इससे देश को क्या फायदा होगा और देश की कौन सी जरूरत पूरी होगी? यही सोच व्यक्तिगत सफलता को देश की प्रगति से जोड़ सकती है।
'जब पीछे मुड़कर देखेंगे तो ये कैंपस याद आएगा'
दीक्षांत के भावुक पल का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने छात्रों को IIT दिल्ली से मिली सीख और रिश्तों को कभी न भूलने की बात कही। उन्होंने कहा, "जब जिंदगी आपको पीछे मुड़कर देखने का मौका देगी, तब आपको यही कैंपस, आपके दोस्त, टीचर्स, मेंटर्स और सपोर्ट स्टाफ याद आएंगे। धीरे-धीरे ये लोग आपके परिवार जैसे बन गए हैं। आपके प्रोफेसर्स ने आपकी प्रतिभा को निखारने की जिम्मेदारी निभाई और आपका इंस्टीट्यूट धीरे-धीरे आपका दूसरा घर बन गया।"


Click it and Unblock the Notifications
