विधानसभा में कांग्रेस नेता होकर RSS गीत क्यों गाए DK शिवकुमार ? डिप्टी CM ने खुद बताई चौंकाने वाली वजह
DK Shivakumar RSS song: कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार (DK Shivakumar ) ने शुक्रवार, 22 अगस्त को कहा कि विधानसभा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का गीत गाना उनका बीजेपी को सीधा संदेश था। गुरुवार को मानसून सत्र के दौरान शिवकुमार ने विपक्ष के हमलों का जवाब देते हुए अचानक RSS का प्रसिद्ध गीत "नमस्ते सदा वत्सले मातृभूमे" गाकर सबको चौंका दिया।
इस कदम ने राज्य की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। शिवकुमार ने स्पष्ट किया कि भले ही वह जन्म से कांग्रेसी हैं, लेकिन उन्होंने RSS समेत सभी दलों और संगठनों का गहन अध्ययन किया है।

उन्होंने कहा कि राजनीति में मतभेद होने के बावजूद बीजेपी को समझना चाहिए कि वे RSS को गहराई से जानते हैं। इस घटनाक्रम के बाद सत्ता और विपक्ष में नए सियासी मायने निकाले जा रहे हैं और यह मुद्दा कर्नाटक की राजनीति में चर्चा का केंद्र बन गया है।
"मैं जन्म से कांग्रेसी हूं, लेकिन सब दलों का अध्ययन किया है"
शिवकुमार ने कहा कि भले ही वह जन्म से कांग्रेसी हैं, लेकिन उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और संगठनों का गहन अध्ययन किया है। उन्होंने बताया - "मैं जन्म से कांग्रेसी हूं... मैंने सभी राजनीतिक पार्टियों पर शोध किया है। मुझे पता है कि RSS कर्नाटक में किस तरह संस्थान खड़े कर रही है। वे हर जिले में स्कूल खरीद रहे हैं और बच्चों को अपनी विचारधारा पढ़ा रहे हैं। एक नेता के तौर पर मुझे जानना चाहिए कि मेरे विरोधी कौन हैं और मेरे मित्र कौन।"
DK Shivakumar sings RSS song: विधानसभा में गूंजा RSS का गीत
शिवकुमार ने कहा कि उनका और RSS का राजनीतिक दृष्टिकोण अलग है, लेकिन बीजेपी को यह समझ लेना चाहिए कि उन्होंने RSS के बारे में गहराई से अध्ययन किया है। उन्होंने कहा - "मैंने RSS और उसके इतिहास को समझने की कोशिश की है। राजनीति में हमारे बहुत मतभेद हैं, लेकिन बीजेपी को जानना चाहिए कि मैं उनके संगठन को गहराई से जानता हूं।"
गुरुवार, 22 अगस्त को विधानसभा सत्र के दौरान शिवकुमार ने विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए अचानक RSS का गीत "नमस्ते सदा वत्सले मातृभूमे..." गाना शुरू कर दिया। जैसे ही उन्होंने गीत गाना शुरू किया, पूरा सदन कुछ क्षण के लिए शांत हो गया और सभी हैरान रह गए। इस दौरान विपक्ष की ओर से उठे सवालों को उन्होंने इस अंदाज में पलटकर जवाब दिया।
बीजेपी का तंज और शिवकुमार का जवाब
इससे पहले बीजेपी के नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक ने शिवकुमार पर तंज कसते हुए कहा था कि वे खुद स्वीकार कर चुके हैं कि बचपन में आरएसएस की शाखा में जाते थे और शॉर्ट्स पहनते थे। अशोक के इस तंज पर शिवकुमार ने बिना देरी किए RSS का गीत गाकर विपक्ष को करारा जवाब दिया।
विधानसभा का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग शिवकुमार के इस अंदाज पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएँ दे रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि शिवकुमार का यह कदम केवल बीजेपी को चुनौती नहीं, बल्कि कांग्रेस की रणनीति का भी हिस्सा है, जिसके जरिए वे विपक्ष की राजनीति को समझने और काट निकालने की कोशिश कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications