Cyclone Biperjoy: क्यों इतना खतरनाक है 'बिपारजॉय? साल 1982 के बाद से नहीं आया इतना भयंकर तूफान
Cyclone Biperjoy: तूफान जिस वक्त तटीय इलाकों से टकराएगा उस वक्त काफी बारिश होगी और 130-140 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
Why Cyclone Biperjoy is so dangerous?: अरब सागर में उठा चक्रवाती तूफान 'बिपारजॉय' खतरनाक शक्ल धारण कर चुका है। ये अभी 165 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बढ़ रहा है लेकिन गुरुवार को जब ये तीन बजे के आस-पास जखाऊ तट से टकराएगा तब इसकी गति 150 किलोमीटर प्रति घंटा होगी।
भयंकर तबाही आने की आशंका
इस चक्रवात के कारण गुजरात में भयंकर तबाही आने की आशंका बनी हुई है। फिलहाल कच्छ, देवभूमि द्वारका, पोरबंदर, जामनगर और मोरबी में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी है।

द्वारका से दूर हो गया है 'बिपारजॉय'
ऐसे में ताजा अपडेट ये है कि तूफान की चाल थोड़ी सी बदली है और अब ये द्वारका से दूर हो गया है, जिसकी वजह से अब उम्मीद की जा रही है कि ये शायद द्वारका को कम नुकसान पहुंचाएगा।
31 सालों में नहीं आया इतना भयंकर तूफान
मालूम हो कि अरब सागर में उठा तूफान 'बिपारजॉय' इस साल का पहला अरेबियन साइक्लोन है। जो कि काफी शक्तिशाली हो गया है। आपको बता दें कि पिछले 31 सालों में इतना भयंकर साइक्लोन नहीं आया है।
कमजोर पड़ने के बाद हुआ खतरनाक
खास बात ये है कि शुरुआत में ये तूफान कमजोर पड़ गया था लेकिन इसके बाद इसने बहुत ज्यादा शक्ति अर्जित कर ली। आपको बता दें कि 1982 के बाद कोई ऐसा तूफान समुद्र में नहीं आया जो कि इतने लंबे वक्त तक अरब सागर में बना रहे और इतना ताकतवर हो जाए।
तूफान ने समुद्र में दो चरण पूरे किए
गौरतलब है कि इस साइक्लोन का अलर्ट पहली बार 6 जून से जारी किया गया था और इसका प्रभाव 16 जून तक रहने की संभावना है। बीच में ये थोड़ा सा कमजोर भी बना था। 6-7 जून में 'बिपारजॉय' की स्पीड 55 किमी प्रतिघंटा थी ये इसका पहला फेज था जबकि इसका दूसरा फेज 9-10 जून के बीच में था जब इसकी गति 120 किमी प्रति घंटा के आस-पास पहुंची और अब ये 165 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे चल रहा है।
9 दिनों से समुद्र में बना हुआ है तूफान
पूरे 9 दिनों से समंदर में पूरी तीव्रता से बना हुआ है और काफी शक्तिशाली हो चुका है और इसी कारण इससे काफी तबाही मचने की आशंका बनी हुई है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
फिलहाल गुजरात प्रशासन ने तूफान से निपटने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। राज्य के तटीय इलाकों से करीब 37000 से ज्यादा लोगों को शेल्टर होम भेजा गया है। CM पटेल इसे लेकर कई बार समीक्षा बैठक कर चुके हैं तो वहीं केंद्र सरकार भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह भी इसके लिए Review Meeting कर चुके हैं।
साउथवेस्ट जखाऊ की ओर बढ़ा तूफान
ताजा स्थिति की बात करें तो अभी तूफान साउथवेस्ट जखाऊ एरिया की तरफ मूव कर रहा है और ये अभी कराची से 380 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है।
समुद्र में ऊंची ऊंची भयानक लहरें दिख रही
लेकिन इसका प्रभाव मुंबई में दिखना शुरू हो गया है। इस वक्त समुद्र में ऊंची ऊंची भयानक लहरें दिख रही है, यहां हाई टाइड हो गया है और इस कारण गेटवे ऑफ इंडिया में फिलहाल के लिए लोगों को आने से रोका गया है। तो वहीं बिगड़े मौसम के कारण इस वक्त मुंबई की कई उड़ाने रद्द कर दी गई हैं तो वहीं पश्चिमी रेलवे ने भी करीब 67 ट्रेनों को रद्द कर दिया है।
मछुआरों को 16 जून तक समुद्र में जाने से रोका गया
गुजरात, मुंबई, गोवा, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में मछुआरों को 16 जून तक समुद्र में जाने से रोका गया है और सारी समुद्री गतविधियों पर रोक लगा दी गई है और सैलानियों की आवाजाही भी प्रभावित इलाकों में रूकवा दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications