अभिजीत दीपके की पढ़ाई पर क्यों मचा बवाल? क्या कोई है बड़ा झोल? CJP ने कहा-'चिंता नहीं, मोदी जी माफ कर देंगे''
Abhijeet Dipke: 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) अब खुद एक नए विवाद के केंद्र में है। सूरत के एक RTI कार्यकर्ता अमित तिवारी ने CJP फाउंडर अभिजीत दीपके के परिवार की कमाई और संस्था की लीगल स्थिति को लेकर कई सवाल उठाए हैं। अभिजीत दीपके की विदेश में पढ़ाई का पूरा खर्चा कहां से आया, ये सवाल उठने लगे हैं।
RTI एक्टिविस्ट ने केंद्रीय और राज्य स्तर की कई एजेंसियों में इसकी जांच के लिए शिकायत दर्ज कराई है। इस पर पलटवार करते हुए सीजेपी ने PM CARES फंड की पारदर्शिता पर सवाल किए हैं। उन्होंने ये तक कह दिया है कि हिसाब पीएम केयर फंड से मांगना चाहिए।

CJP का तीखा पलटवार: PM CARES की जांच कब होगी?
RTI कार्यकर्ता के आरोपों पर CJP की प्रवक्ता वैष्णवी गौर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने अभिजीत दीपके की पढ़ाई के खर्च पर सवाल उठाने वालों को आड़े हाथों लिया। वैष्णवी गौर ने लिखा, "किसी आम इंसान के पढ़ाई के खर्च पर RTI लगाने वालों को PM CARES फंड की तरफ भी देख लेना चाहिए। बाकी फिक्र मत कीजिए, मोदी जी आपको माफ कर देंगे।"
वैष्णवी गौर का यह बयान सीधे तौर पर उन शिकायतों के जवाब में आया है जो अमित तिवारी ने चुनाव आयोग, CBIC और महाराष्ट्र सरकार में दी हैं।
अभिजीत दीपके की सफाई: बोस्टन की स्कॉलरशिप और बैंक लोन से हुई पढ़ाई
विदेशी पढ़ाई के खर्च को लेकर उठ रहे सवालों का अभिजीत दीपके ने खुद खुलकर जवाब दिया है। पत्रकार बरखा दत्त को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने उन सभी आरोपों को खारिज कर दिया जिनमें कहा जा रहा था कि उनकी पढ़ाई परिवार की बेहिसाब संपत्ति से हुई है।
अभिजीत दीपके ने कहा, "मेरी अमेरिका की पढ़ाई बोस्टन यूनिवर्सिटी की स्कॉलरशिप से पूरी हुई है। इसके अलावा मैंने एजुकेशन लोन भी लिया था, जिसे मुझे अभी चुकाना है।" इंटरव्यू के दौरान दीपके ने बोस्टन यूनिवर्सिटी से मिला अपना आधिकारिक स्कॉलरशिप लेटर भी दिखाया, ताकि सभी शक दूर हो जाए।
RTI कार्यकर्ता अमित तिवारी ने क्या आरोप लगाए?
इस पूरे विवाद की शुरुआत अमित तिवारी की शिकायतों से हुई। उन्होंने अभिजीत दीपके के पिता भगवानराव दीपके की संपत्ति की जांच की मांग की है, जो महाराष्ट्र सरकार के रिटायर्ड कर्मचारी हैं। अमित तिवारी का सवाल है कि एक सरकारी कर्मचारी, जिनकी सैलरी 60 हजार रुपये के आसपास होगी, वो अपने बेटे को पढ़ाई के लिए अमेरिका भेजने का भारी-भरकम खर्च कैसे उठा सकता है।
इसके साथ ही उन्होंने दो और बड़ी शिकायतें दर्ज कराई हैं। CJP रिप्रेजेंटेशन ऑफ द पीपल एक्ट (1951) के सेक्शन 29A के तहत रजिस्टर्ड पार्टी नहीं है। फिर भी यह राजनीतिक दल की तरह काम कर रही है और चंदा जुटा रही है। इसके अलावा वरिष्ठ वकील और राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने NEET प्रदर्शनकारियों के कानूनी बचाव के लिए 1 करोड़ रुपये के फंड का ऐलान किया था। तिवारी ने मांग की है कि इस 1 करोड़ रुपये पर GST लगना चाहिए या नहीं, इसकी जांच हो।
क्राउडफंडिंग से चलेगा CJP का आगे का काम
भविष्य के खर्चों को लेकर अभिजीत दीपके ने अपनी रणनीति साफ कर दी है। उन्होंने बताया कि CJP अपनी आगे की गतिविधियों के लिए जनता से सीधे मदद यानी 'क्राउडफंडिंग' लेगी। दीपके ने साफ कहा कि इस पूरे प्रोसेस को पूरी तरह पारदर्शी रखा जाएगा।
जंतर-मंतर पर हुए NEET-UG विरोध प्रदर्शन का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि उस आंदोलन को जनता का भरपूर समर्थन मिला था। लोग खुद आगे आकर खाना और पानी बांट रहे थे। उन्होंने यह दावा भी किया कि कुछ दिल्ली पुलिसकर्मियों ने अनौपचारिक तौर पर उनके आंदोलन से सहानुभूति जताई थी, क्योंकि उनके अपने बच्चे भी NEET की तैयारी कर रहे थे।


Click it and Unblock the Notifications
