सिद्धरमैया या डीके शिवकुमार, कौन होगा कर्नाटक का सीएम? मल्लिकार्जुन का आया बड़ा बयान
Karnataka CM Row: कर्नाटक में पिछले कुछ समय से सिद्धारमैया सरकार पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। मुख्यमंत्री पद को लेकर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के बीच खींचतान जारी है। सीएम पद को लेकर कर्नाटक कांग्रेस दो खेमों में बंट गई है। डीके शिवकुमार के समर्थक विधायक दिल्ली तक अपना पक्ष रखने पहुंचे थे, जबकि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पद छोड़ने को तैयार नहीं दिख रहे हैं।
दावा किया जा रहा है कि मई 2023 में दोनों नेताओं के बीच ढाई-ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री पद साझा करने पर एक कथित समझौता हुआ था, हालांकि इस पर सार्वजनिक रूप से कभी कोई बात नहीं की गई। समझौते के अनुसार सिद्धारमैया को ढाई साल बाद पद छोड़ना था। अब शिवकुमार खेमा आरोप लगा रहा है कि मुख्यमंत्री अपने वादे से मुकर रहे हैं।

हालांकि लंबे समय से सीएम पद को लेकर चल रही खींचतान अब जल्द खत्म होने की संभावना नजर आने लगी है। सिद्धरमैया या डीके शिवकुमार, कौन होगा कर्नाटक का सीएम? इस सवालों के बीच कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बड़ा बयान दिया है।
क्या बोले मल्लिकार्जुन खड़गे?
कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलने की अटकलों पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने स्पष्ट किया है कि इस मुद्दे पर वे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी मिलकर फैसला करेंगे। उन्होंने कहा कि "हम इस मामले को सुलझा लेंगे।" न्यूज 18 को दिए इंटरव्यू में खड़गे ने कहा "वहां के लोग ही बता सकते हैं कि सरकार क्या कर रही है।" उन्होंने आगे कहा, "हम ऐसे मुद्दों को हल करेंगे। हाईकमान, राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मैं बैठकर इस पर विचार करेंगे और हम जरूरी दखल देंगे। वहीं वहीं, डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने भी कहा है कि हाईकमान का जो भी फैसला होगा, वे उसे स्वीकार करेंगे।
दिल्ली में होगा फैसला
इसके बाद माना जा रहा है कि ऐसी भी संभावना है कि दोनों नेताओं को विचार-विमर्श के लिए दिल्ली बुलाया जा सकता है। खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की अगले एक या दो दिनों में मुलाकात संभव है, लेकिन पार्टी ने इस पर आधिकारिक तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की है। रिपोर्ट के अनुसार, सिद्धारमैया और शिवकुमार को 28 या 29 नवंबर को दिल्ली तलब किया जा सकता है।
1 दिसंबर से पहले हो सकता है बड़ा फैसला
यह भी महत्वपूर्ण है कि 1 दिसंबर से संसद का शीतकालीन सत्र शुरू हो रहा है, और पार्टी इस महत्वपूर्ण मुद्दे को सत्र से पहले सुलझाना चाहती है। सिद्धारमैया के एक करीबी नेता ने भरोसा जताया है कि उन्हें राहुल गांधी का समर्थन मिलेगा और उन्होंने यह भी संकेत दिया कि सिद्धारमैया को अधिकांश विधायकों का समर्थन प्राप्त है। हालांकि ऐसा ही दावा डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के गुट के विधायक भी कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications