BJP अध्यक्ष चुनने में क्यों हो रही देरी? RSS के साथ क्या बिगड़ने लगे हैं रिश्ते! नितिन गडकरी ने क्या दिया जवाब
BJP President 2025 (Nitin Gadkari): भारतीय जनता पार्टी (BJP) में इन दिनों सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन होगा? जेपी नड्डा की जगह कौन लेगा? जेपी नड्डा का कार्यकाल खत्म हो चुका है लेकिन उनकी कुर्सी अभी भी खाली नहीं हुई। बार-बार अध्यक्ष चुनाव टलने से सियासी गलियारों में चर्चा तेज है कि क्या वाकई भाजपा और आरएसएस (RSS) के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है? क्या उनके रिश्ते फिर से बिगड़ने लगे हैं।
क्यों टल रहा है BJP चीफ का चुनाव?
खबरों के मुताबिक, भाजपा और आरएसएस के बीच किसी एक नाम पर सहमति नहीं बन पा रही है। कहा जा रहा है कि दोनों संगठनों के शीर्ष नेतृत्व के बीच तालमेल की दिक्कतें सामने आ रही हैं। यही वजह है कि नड्डा का कार्यकाल लगातार खिंचता चला जा रहा है। हालांकि कुछ मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया कि 21 सितंबर के बाद नाम के ऐलान की संभावना ज्यादा है।

क्यों हो रही है भाजपा चुनाव में देरी? नितिन गडकरी ने दिया मजेदार जवाब
केंद्रीय मंत्री और भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी से जब इस पर सवाल किया गया तो उन्होंने हमेशा की तरह अपने चुटीले अंदाज में जवाब दिया। एबीपी न्यूज के एक कार्यक्रम में गडकरी से पूछा गया कि भाजपा अध्यक्ष चुनने में इतनी देर क्यों हो रही है और क्या आरएसएस से रिश्तों में खटास है?
गडकरी ने मुस्कुराते हुए कहा -"आपका सवाल तो सही है, लेकिन आपने गलत आदमी से पूछ लिया है। इस बारे में तो आपको भाजपा के मौजूदा अध्यक्ष जेपी नड्डा से पूछना चाहिए, वही सही व्यक्ति हैं जो इस पर जवाब दे सकते हैं।"
मोदी-शाह का RSS प्रेम! (RSS BJP Relation)
हालांकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह लगातार इस तरह की अटकलों को नकारते रहे हैं। हाल ही में पीएम मोदी ने आरएसएस को "दुनिया का सबसे बड़ा एनजीओ" करार दिया था। इसके अलावा, मोहन भागवत के 75वें जन्मदिन पर उन्होंने अखबारों में संपादकीय लिखकर संघ प्रमुख की जमकर तारीफ की। अमित शाह ने भी साफ कहा कि "आरएसएस का स्वयंसेवक होना कभी निगेटिव पॉइंट नहीं हो सकता।" मोहन भागवत ने भी RSS की 100वीं वर्षगांठ पर कहा था कि अगर RSS को भाजपा का अध्यक्ष तय करना होता तो इतना वक्त नहीं मिलता।

भाजपा अध्यक्ष पद की रेस में कौन-कौन?
बीजेपी के नए अध्यक्ष की रेस में कई दिग्गज नेताओं के नाम लगातार सामने आ रहे हैं। इनमें मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, संगठन के माहिर खिलाड़ी भूपेंद्र यादव, महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस और पुरुषोत्तम रूपाला का नाम शामिल है। हालांकि, अंतिम फैसला कब और किसके पक्ष में होगा, यह अभी भी रहस्य बना हुआ है।
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष की अब तक की लिस्ट
जेपी नड्डा 2020 से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उनका कार्यकाल पहले ही बढ़ाया जा चुका है और अब तक वह पद पर बने हुए हैं। उनसे पहले अमित शाह 2014 से 2020 तक लगातार दो बार अध्यक्ष रहे। वहीं, नितिन गडकरी भी 2010 से 2013 तक भाजपा अध्यक्ष की कुर्सी संभाल चुके हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की स्थापना वर्ष 1980 में हुई थी। तब से लेकर अब तक पार्टी के कई नेता इस शीर्ष पद पर रहे हैं। नीचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्षों की पूरी सूची दी गई है।
- 1. अटल बिहार वाजपेयी (1980 से 1986)
- 2. के. एल. आडवाणी (1980-1990, 1993-1998, 2004-2005)
- 3. मुरली मनोहर जोशी (1991-1993)
- 4. कुशाभाऊ ठाकरे (1998-2000)
- 5. बंगारू लक्ष्मण (2000-2001)
- 6. के जना कृष्णमूर्ति (2001-2002)
- 7. एम वेंकैया नायडू (2002-2004)
- 8. नितिन गडकरी (2010-2013)
- 9. राजनाथ सिंह (2005-2009) (2013-2014)
- 10. अमित शाह (2014-2017, 2017-2020)
- 11.जेपी नड्डा (2020 से वर्तमान तक...)
भाजपा अध्यक्ष पद को लेकर देरी जरूर हो रही है, लेकिन नितिन गडकरी के जवाब से इतना साफ है कि अभी नाम का ऐलान आसान नहीं होगा। सवाल यह है कि आखिर भाजपा और आरएसएस कब तक किसी एक नाम पर सहमत होंगे और नड्डा के उत्तराधिकारी की ताजपोशी कब होगी।












Click it and Unblock the Notifications