कोरोना वायरस: क्या एक बार ठीक हो चुके व्यक्ति को दोबारा नहीं होगा संक्रमण? WHO ने दिया ये जवाब
नई दिल्ली। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कहा है कि ऐसा कोई साक्ष्य या स्टडी नहीं है जो ये साबित करे कि कोरोना संक्रमण से ठीक हो चुके व्यक्ति को दोबारा संक्रमण नहीं होगा। डब्ल्यूएचओ ने ये बात प्रचलित हो रही उस थ्योरी को लेकर कही है, जिसमें कहा जा रहा है कि जो लोग एक बार कोरोना से ठीक हो गए हैं, उनके शरीर ने इससे लड़ने की प्रतिरोधक क्षमता विकसित कर ली है, वे सुरक्षित हैं और दूसरी बार उनके संक्रमित होने की संभावना नहीं है। डब्ल्यूएचओ ने साफ किया है कि ऐसे लोगों को जोखिम मुक्त नहीं कहा जा सकता है।

ठीक हुए व्यक्ति को 'रिस्क फ्री सर्टिफिकेट' नहीं
इस तरह की बातें कही जा रही हैं एक बार कोरोना वायरस या फिर इस जैसे संक्रमण के बाद उसके खिलाफ शरीर की रोग प्रतिरोधक शक्ति बढ़ जाती है और वही वायरस दूसरी बार उस व्यक्ति को संक्रमित नहीं करता। वायरस से होने वाली कुछ बीमारियों के बारे में ऐसा देखा जा चुका है लेकिन कोरोना के केस में ऐसा नहीं है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने साफ किया है कि ऐसे व्यक्ति को कोरोना से 'रिस्क फ्री सर्टिफिकेट' नहीं दिया जा सकता है। उसे भी कामकाज और घर से बाहर जाने में तमाम एहतियात बरतनी होगी।

आ चुके हैं ठीक होने के बाद संक्रमण के मामले
बता दें कि कोविड 19 बीमारी से ठीक हुए कई मरीजों को फिर से संक्रमण के मामले सामने आ चुके हैं। स्पेनिश नेशनल सेंटर फॉर बायोटेक्नोलॉजी (सीएसआईसी) ने कहा है कि कम से कम 14 फीसदी ऐसे मामले हैं जिनमें पहले इस वायरस से ठीक हुए लोगों में फिर से कोरोना पॉजिटिव पाया गया। हालांकि इसमें विशेषज्ञों का ये भी कहना है कि ये फिर से वायरस संक्रमण नहीं हुआ है बल्कि वही वायरस फिर से शरीर में बढ़ गया, जिसे मेडिकल बाउंसिंग बैक कहा जाता है।

लगातार बढ़ रहा कोरोना का संक्रमण
कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। देश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या अब 25 हजार के करीब पहुंच गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक,भारत में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की संख्या 24,506 हो गई है और 775 लोगों की मौत हुई है।दुनिया में इस वायरस से पीड़ितों की संख्या अब 28 लाख को पार कर गई है। दुनियाभर में अब तक 28,28,826 लोगों में कोरोना संक्रमण पाया जा चुका है। इससे अब तक 1,97,099 लोगों की मौत हो चुकी है।
ट्रंप को चीन का जवाब, WHO को देगा 30 मिलियन डॉलर की मदद












Click it and Unblock the Notifications