कौन है सुनील राठी, जिसपर लगा है मुन्ना बजरंगी की हत्या का आरोप
सुनील राठी की मां राजबाला पिछले विधानसभा चुनाव में यूपी की छपरौली सीट से बसपा के टिकट पर चुनाव भी लड़ चुकी हैं।
Recommended Video

नई दिल्ली। यूपी के बागपत में उस वक्त सनसनी मच गई, जब पूर्वांचल के कुख्यात डॉन मुन्ना बजरंगी की जेल में गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक मुन्ना बजरंगी को जेल के अंदर सुबह करीब 6:30 बजे नजदीक से 10 गोलियां मारी गईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मुन्ना बजरंगी पर भाजपा विधायक कृष्णानंद राय समेत 40 हत्याओं के केस और रंगदारी के कई मुकदमे दर्ज थे। मुन्ना बजरंगी की हत्या का आरोप वेस्ट यूपी और उत्तराखंड के कुख्यात डॉन सुनील राठी पर लगा है। आइए आपको बताते हैं, कौन है सुनील राठी?

BSP के टिकट पर चुनाव लड़ चुकी हैं राठी की मां
सुनील राठी एक कुख्यात डॉन है, जिसका दबदबा पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में है। एडीजी जेल के मुताबिक मुन्ना बजरंगी और सुनील राठी के बीच पुरानी दुश्मनी थी। जिस तरह मुन्ना बजरंगी कभी पूर्वांचल का मोस्ट वांटेड रहा, ठीक उसी तरह अपराध की दुनिया में सुनील का नाम भी कुछ कम नहीं है। मुन्ना बजरंगी की तरह सुनील राठी के भी राजनीतिक संबंध रहे हैं। सुनील राठी की मां राजबाला पिछले विधानसभा चुनाव में यूपी की छपरौली सीट से बसपा के टिकट पर चुनाव भी लड़ चुकी हैं।

रुड़की जेल में बताया जान को खतरा
यूपी के बागपत के रहने वाले सुनील राठी ने अपने पिता की मौत के बाद अपराध की दुनिया में कदम रखा और धीरे-धीरे अपना वर्चस्व बढ़ा लिया। राठी को पिछले साल जबरन वसूली के एक मामले में उत्तराखंड से गिरफ्तार किया गया और उसे रुड़की जेल में बंद कर दिया गया। यहां राठी ने कहा कि रुड़की जेल में उसकी जान को खतरा है, इसलिए उसे उसके गृह जनपद बागपत की जेल में शिफ्ट किया जाए। इसके बाद हाल ही में सुनील राठी को बागपत जेल में शिफ्ट किया गया था।

एक ही बैरक में थे बजरंगी और राठी
रविवार शाम को ही मुन्ना बजरंगी को एक केस के सिलसिले में पेशी के लिए झांसी से बागपत जेल लाया गया था। मुन्ना बजरंगी और सुनील राठी को बागपत जेल की एक ही बैरक में रखा गया था। यूपी पुलिस के एडीजी जेल के मुताबिक सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे सुनील राठी ने मुन्ना बजरंगी की गोली मारकर हत्या कर दी और पिस्तौल को गटर में छिपा दिया। पुलिस को अभी तक हत्या में बरामद पिस्तौल नहीं मिली है। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस मामले में जेलर को सस्पेंड करते हुए न्यायिक जांच के आदेश दे दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications