कौन हैं संदीप भालेराव? जिनकी 'चील सी नजर' ने बचा लिया बड़ा ट्रेन हादसा, चली जाती सैकड़ों की जान
Boulders found on maharashtra railway track: महाराष्ट्र में एक बड़ा ट्रेन हादसा होने से उस वक्त बाल-बाल बच गया, जब ट्रेन की पटरी पर रखे बड़े-बड़े पत्थरों पर एक रेलवे गार्ड की नजर पड़ गई। गार्ड ने तुरंत स्टेशन मास्टर को बताया और इसके बाद फौरन उस ट्रैक पर आ रही ट्रेन को रोका गया।
मामला महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड इलाके का है, जहां रेलवे ट्रैक पर किसी ने बड़े-बड़े पत्थर रखे हुए थे। गार्ड की सूचना के बाद जब रेलवे की टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि किसी साजिश के तहत ऐसे पत्थर ट्रैक पर कई जगहों पर रखे गए हैं।

रेलवे के एक सीनियर अधिकारी ने इस बारे में पूरी जानकारी देते हुए बताया कि संदीप भालेराव महाराष्ट्र में लोनावला-पुणे उपनगरीय ट्रेन में गार्ड के तौर पर तैनात हैं। शुक्रवार को जब वो ड्यूटी पर थे तो उन्होंने देखा कि चिंचवड स्टेशन के पास ट्रैक पर कुछ बड़े पत्थर रखे हैं। संदीप भालेराव ने ट्रैक पर पत्थरों की सूचना स्टेशन मास्टर को दी। उस दौरान उस ट्रैक से कुछ ही देर में ट्रेन संख्या 16352 (नागरकोइल-मुंबई सीएसएमटी एक्सप्रेस) गुजरने वाली थी।
किसने साजिश के तहत रखे ये पत्थर?
इसके बाद स्टेशन मास्टर ने तुंरत इस ट्रेन के लोको पायलट को ट्रैक पर पत्थर रखे होने की जानकारी दी और ट्रेन को चिंचवड के पास रोक दिया गया। रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे तो पाया कि ट्रैक पर पत्थर कई जगहों पर रखे हुए हैं। अधिकारी अब इस बात की जांच कर रहे हैं कि आखिर इस खतरनाक साजिश के पीछे क्या मकसद और किसका हाथ है?
#WATCH | Maharashtra: Boulders were spotted on the Pune-Mumbai Railway track.
— ANI (@ANI) October 6, 2023
(Source: Central Railway PRO) pic.twitter.com/DkKHSmW5pj
पांच जगहों पर रखे हुए थे बड़े-बड़े पत्थर
सेंट्रल रेलवे के सीपीआरओ शिवाजी मानसपुरे ने बताया, 'उस ट्रैक पर 10 से 20 मीटर की दूरी पर पांच जगहों पर बड़े-बड़े पत्थर रखे हुए थे। फिलहाल एक टीम उस पूरे इलाके की पेट्रोलिंग कर रही है। शुरुआती जांच में लगता है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने साजिश के तहत वो पत्थर रखे थे। पेट्रोलिंग टीम ने उन पत्थरों को ट्रैक से हटा दिया है और मामले की जांच की जा रही है।'












Click it and Unblock the Notifications