कौन हैं महाविष्णु? बच्चों के सामने स्पीच देने के बाद हुए गिरफ्तार, विवादित बयान ने देशभर में मचाया हड़कंप
चेन्नई के एक स्कूल में दिए गए विवादित बयान के बाद पुलिस ने एक शख्स को हिरासत में लिया है। इस शख्स को एयरपोर्ट पर पकड़कर कोर्ट में पेश किया गया। इसके बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस घटना को लेकर अब पूरे देश में आक्रोश फैल गया है। ये शख्स कौन है और इसने ऐसा क्या विवादित बयान दिया, जिसने सबको भड़का दिया, चलिये समझने की कोशिश करते हैं।
मामला है टीचर्स डे वाले दिन का, जब एक कार्यक्रम का आयोजन तमिलनाडु के एक स्कूल में किया गया था। यहां महाविष्णु नाम के इस शख्स को भाषण देने के लिए बुलाया गया था। मगर उन्होंने ऐसा कुछ कहा, जिससे वो खुद ही मुसीबतों से घिर गए।

दरअसल, शिक्षक दिवस के दिन बच्चों के सामने भाषण देते हुए महाविष्णु ने कहा कि अगर भगवान दयालु होते, तो सभी एक ही तरह से जन्म लेते। कोई अमीर, गरीब, अपराधी और हीरो नहीं होता। ये अंतर क्यों है? इस जीवन में आपको जो कुछ भी मिलता है, वो आपके पिछले जन्मों का कर्म है।
जब महाविष्णु ऐसे भाषण देने लगे तो टीचर्स थोड़ा भड़क गए। एक शिक्षक के साथ उनकी तीखी बहस हुई। टीचर ने उनसे कहा कि उन्हें आध्यात्मिक भाषण नहीं बल्कि बच्चों को प्रेरित करने के लिए यहां बुलाया गया था। महाविष्णु ने दावा किया था कि अंग्रेजों ने भारत की गुरुकुल प्रणाली को व्यवस्थित रूप से खत्म कर दिया था और सुझाव दिया था कि मंत्रों के जाप से आग बरस सकती है। अब उनके बयानों की तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन सहित कई सारे नेताओं ने आलोचना की है।
अब जान लेते हैं कि महाविष्णु नाम का ये शख्स आखिर है कौन। दरअसल, 2 जुलाई 1994 को मदुरै में जन्मे महाविष्णु का झुकाव हमेशा से ही आध्यात्म की ओर रहा है। उन्होंने 1 अप्रैल 2021 को परमपोरुल फाउंडेशन की स्थापना की। ये ऐसी संस्था है, जो रोजाना 300-500 भूखे लोगों को खाना खिलाती है और अपने यूट्यूब चैनल के जरिए इसने काफी पॉपुलैरिटी भी हासिल की है।
महाविष्णु एक आध्यात्मिक और मोटिवेशनल स्पीकर हैं। साथ ही परमपोरिल फाउंडेशन के मालिक भी हैं। जैसा कि हमने बताया ये संस्था गरीबों की मदद करती है। मगर अब भूखे को खाना खिलाने वाले महाविष्णु बुरा फंसते दिख रहे हैं। बता दें कि महाविष्णु की टिप्पणियों के चलते भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और विकलांग व्यक्तियों के अधिकार अधिनियम के तहत उनपर कई आरोप लगाए गए हैं।
एमडीएमके सांसद दुरई वाइको ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि ये बेहद निंदनीय है कि एक व्यक्ति हमारे स्कूल परिसर में घुस आया... उसने कहा कि अगर हम मंत्र का जाप करेंगे, तो हमें एसिड रेन हो सकती है, लोग बीमार हो सकते हैं...।
इस विवाद ने न केवल राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है, बल्कि मीडिया का भी ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। देश भर में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और समाचार आउटलेट पर उनके बयानों पर बहस जारी है।












Click it and Unblock the Notifications