कौन हैं बड़े 'दिलवाले' एमए यूसुफ अली? जिन्होंने कर्ज में डूबी महिला का 8 लाख का लोन भरा, 10 लाख रुपए भी दिए
Who is MA Yusuff Ali: एक अरबपति बिजनेसमैन की दरियादिली की ऐसी खबर सामने आई है, जो हर जगह सुर्खियां बटोर रही हैं। क्योंकि पैसा होता तो सबके पास है, लेकिन देने के लिए इरादे और सही नीयत हर किसी के पास नहीं होती। लेकिन इन सबसे अलग साबित हुए हैं लुलु ग्रुप (LuLu Group) के अरबपति चेयरमैन एमए युसूफ अली। ऐसा इसलिए क्योंकि उन्होंने एक ऐसी महिला की आर्थिक मदद की, जो कर्ज के चलते अपना घर गंवा बैठी थी।
केरल की एक महिला को 8 लाख रुपए का लोन ना चुका पाने की वजह से अपना घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा। उसने 2019 में अपना घर बनाने के लिए केरल की एक गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी मणप्पुरम फाइनेंस से 4 लाख रुपये उधार लिए थे।

घर पर लगा दिया था ताला
हालांकि, 2021 में उसके पति ने उसे और उसके दो बच्चों को छोड़ दिया, जिससे लोन चुकाने में रुकावट आई। इन सालों में ब्याज बढ़ता गया और बकाया राशि दोगुनी हो गई। कई चेतावनियों पर ध्यान ना देने के बाद NBFC ने फौजदारी कार्यवाही शुरू की।
सड़क पर आ गया परिवार, फिर यूसुफ अली ने बढ़ाया हाथ
इसके बाद कंपनी के अधिकारियों ने उसके घर के ताले बदल दिए, जिससे तीन लोगों का परिवार सड़कों पर आ गया। इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और मीडिया का ध्यान भी आकर्षित हुआ। जब लूलू ग्रुप के चेयरमैन एमए यूसुफ अली को इस बारे में पता चला, तो उन्होंने ना सिर्फ महिला का लोन चुकाया, बल्कि उसे फिक्स्ड डिपॉजिट शुरू करने में मदद करने के लिए अतिरिक्त 10 लाख रुपए भी दिए।

इन सब के बीच क्या आप जानते हैं कि लूलू ग्रुप के चेयरमैन एमए यूसुफ अली कौन हैं? 'मिडिल ईस्ट रिटेल किंग' के नाम से मशहूर लुलु ग्रुप के चेयरमैन एमए यूसुफ अली का जन्म केरल के एक गांव में हुआ। उनकी कुल संपत्ति 7.4 बिलियन डॉलर है।
प्वाइंट्स में जानिए कौन हैं एमए यूसुफ अली?
- एमए यूसुफ अली का जन्म 15 नवंबर 1955 को केरल में हुआ था। वे 1973 में अपने चाचा के छोटे डिस्ट्रीब्यूशन बिजनेस में शामिल होने के लिए अबू धाबी चले गए, जिसे उन्होंने आज के अरबों डॉलर के साम्राज्य में बदलने में मदद की।
- उन्होंने करंचिरा के सेंट जेवियर्स हाई स्कूल से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की और बाद में बिजनेस मैनेजमेंट और एडमिनिस्ट्रेशन में डिप्लोमा किया।
- यूसुफ अली लूलू ग्रुप के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक के रूप में काम करते हैं, जो वैश्विक लूलू हाइपरमार्केट चेन और लूलू इंटरनेशनल शॉपिंग मॉल का संचालन करता है। समूह के भारत में कुल चार मॉल हैं - पहला कोच्चि में, उसके बाद बेंगलुरु, तिरुवनंतपुरम और लखनऊ में।

- फोर्ब्स के अनुसार 'मिडिल ईस्ट रिटेल किंग' के रूप में जाने जाने वाले यूसुफ अली की कुल संपत्ति 7.4 बिलियन डॉलर है। फोर्ब्स मिडिल ईस्ट ने 2018 में अरब दुनिया में शीर्ष 100 भारतीय व्यवसाय मालिकों की अपनी सूची में यूसुफ अली को पहला स्थान दिया।
- उन्होंने अबू धाबी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री में दूसरे उपाध्यक्ष के रूप में भी काम किया। उनकी शादी शबीरा यूसुफ अली से हुई है और उनकी तीन बेटियाँ हैं।
- उनकी बड़ी बेटी शबीना की शादी अरबपति व्यवसायी शमशीर वायलिल से हुई है। उनकी दूसरी बेटी शफीना की शादी अदीब अहमद से हुई है, जो लुलु इंटरनेशनल एक्सचेंज और ट्वेंटी14 होल्डिंग्स के प्रमुख हैं। सबसे छोटी बेटी शिफा की शादी शैरून शमसुद्दीन से हुई है, जो सफल आईटी व्यवसाय चलाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications