Khushbu Sundar कौन हैं ? जिन्हें मोदी सरकार ने बनाया राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य
दक्षिण भारतीय फिल्मों की सुपर स्टार रहीं खुशबू सुंदर को मोदी सरकार ने राष्ट्रीय महिला आयोग का सदस्य बनाया है। वह अभी भाजपा से जुड़ी हुई हैं और विधानसभा का चुनाव भी लड़ चुकी हैं।

मोदी सरकार ने दक्षिण भारत की मशहूर अभिनेत्री और बीजेपी नेता खुशबू सुंदर को राष्ट्रीय महिला आयोग का सदस्य नियुक्त किया है। उनके अलावा दो और सदस्य बनाई गई हैं। खुशबू सुंदर भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की सदस्य हैं; और पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी के टिकट से चेन्नई की एक सीट पर चुनाव भी लड़ चुकी हैं। खुशबू सुंदर 13 साल से सक्रिय राजनीति में हैं और भाजपा में आने से पहले वह कांग्रेस और डीएमके में भी रह चुकी हैं। वह 200 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय कर चुकी हैं।

खुशबू सुंदर राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य नियुक्त हुईं
ऐक्टर से नेता बनीं तमिलनाडु की राजनेता खुशबू सुंदर को राष्ट्रीय महिला आयोग का सदस्य बनाया गया है। इनके ट्विटर अकाउंट पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य नामित होने तक वो भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य हैं। उनकी नियुक्ति की सूचना पाकर तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष के अन्नामलाई ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि ये महिलाओं के अधिकारों के लिए उनके 'अथक प्रयास और लड़ाई' को मिली मान्यता है। खुद सुंदर ने भी ट्विटर पर अपनी नियुक्ति का नोटिफिकेशन लगाते हुए प्रधानमंत्री और उनकी सरकार को धन्यवाद दिया है।

नियुक्ति के लिए पीएम मोदी का किया धन्यवाद
ट्विटर पर खुशबू सुंदर ने लिखा है, 'मैं हमारे माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और भारत सरकार को मुझे इतनी बड़ी जिम्मेदारी देने के लिए धन्यवाद देती हूं। मैं नारी शक्ति की रक्षा, संरक्षण और पोषण के लिए कड़ी मेहनत करूंगी, जो कि आपके नेतृत्व में दिन-दूनी-रात चौगुनी आगे बढ़ रही है। आगे का बेसब्री से इंतजार है। # जयहिंद..... 'उन्होंने इस ट्वीट को पीएम मोदी और राष्ट्रीय महिला आयोग को टैग किया है।

बाल कलाकार बनकर फिल्मी दुनिया में की थी एंट्री
राजनीति में आने से पहले खुशबू सुंदर अभिनेत्री, फिल्म प्रोड्यूसर और टेलीविजन प्रेजेंटर भी रह चुकी हैं। दक्षिण भारतीय सिनेमा की दुनिया में उनकी अपनी खास पहचान रही है। उन्होंने 1980 में फिल्मी दुनिया में बाल कलाकार के तौर पर कदम रखा था। 21वीं सदी के पहले दशक तक वह इसी दुनिया से जुड़ी रहीं। उन्होंने विभिन्न भाषाओं में 200 से ज्यादा फिल्में कीं और साउथ की फिल्मों की लोकप्रिय कलाकार बन गईं। एक जमाने में उनके सामने प्रोड्यसरों की कतारें लगी रहती थी। बाद में उन्होंने खुद ही फिल्में भी प्रोड्यूस कीं।

डीएमके, कांग्रेस होते हुए बीजेपी तक पहुंचीं
राजनीति का सफर उन्होंने 2010 से शुरू किया। सबसे पहले वह डीएमके में शामिल हुईं। चार साल तक वह इसी पार्टी के साथ जुड़ी रहीं। 2014 में उन्होंने कांग्रेस पार्टी का हाथ थाम लिया और उन्हें इसका प्रवक्ता बनाया गया। कांग्रेस के लिए उन्होंने 2020 तक काम किया। 2019 के लोकसभा चुनावों तक वह पार्टी के लिए काफी सक्रिय रहीं। लेकिन, 12 अक्टूबर, 2020 को उन्होंने दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर ली।

2021 में बीजेपी के टिकट पर लड़ चुकी हैं चुनाव
एक साल बाद ही बीजेपी ने उन्हें चुनावी राजनीति में भी प्रयोग किया। 2021 में उन्हें तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में चेन्नई की Thousand Lights विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया गया। लेकिन, उन्हें सत्ताधारी डीएमके के एझिलान एन के हाथों पराजय का सामना करना पड़ा। उन्होंने अपने ट्विटर पर भी खुद का परिचय 2021, बीजेपी एमएमएल उम्मीदवार के तौर पर भी दिया है।
Recommended Video

खुशबू सुंदर कौन हैं ?
राष्ट्रीय महिला आयोग की नवनियुक्त सदस्य खुशबू सुंदर ने ट्विटर पर खुद को 'धैर्य और हिम्मत वाली महिला' महिला बताया है। वह दो बेटियों की मां हैं और इसपर उन्हें बहुत फक्र है। 29 सितंबर, 1970 को मुंबई में जन्मीं खुशबू सुंदर की शिक्षा 8वीं तक की है। उनके पति का नाम सुंदर सी है और मां का नाम नजमा खान। खुशबू सुंदर के पति सुंदर सी भी फिल्ममेकर हैं। पिछले चुनाव में खुशबू सुंदर ने अपनी कुल संपत्ति 41.2 करोड़ बताई थी, जिसमें 4.01 करोड़ रुपए की देनदारी भी थी।












Click it and Unblock the Notifications