कौन हैं इशिका तनेजा, जो बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या के खिलाफ सड़कों पर उतरीं, भगवा पहन दिया धाकड़ बयान
Ishika Taneja: बांग्लादेश में एक हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की मॉब लिंचिंग के बाद भारत की सियासत और समाज में उबाल है। दिल्ली से लेकर सोशल मीडिया तक इस मुद्दे पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। इसी बीच विश्व हिंदू परिषद (VHP) के प्रदर्शन में एक चेहरा सबसे ज्यादा चर्चा में आ गया। भगवा वस्त्र पहनकर, तीखे शब्दों में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार की बात रखने वाली यह शख्सियत हैं इशिका तनेजा।
VHP ने 23 दिसंबर को दिल्ली में बांग्लादेश हाई कमीशन के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान वनइंडिया हिंदी से बात करते हुए इशिका तनेजा ने कहा कि हिंदुओं पर हर जगह अत्याचार हो रहा है। उन्होंने पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश का जिक्र करते हुए कहा कि हिंदुओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। उनका कहना था कि अब हिंदुओं को एकजुट होना होगा और हिंदू राष्ट्र की मांग समय की जरूरत बन चुकी है। भगवा आउटफिट में उनका यह बयान देखते ही देखते वायरल हो गया। ऐसे में आइए जानते हैं आखिर इशिका तनेजा कौन हैं?

🟡 कौन हैं इशिका तनेजा (who is Ishika Taneja)
इशिका तनेजा स्पिरिचुअल लीडर (आध्यात्मिक नेता) होने के साथ साथ डिजिटल कंटेंट क्रिएटर और एक्ट्रेस भी हैं। वे ब्यूटी और फैशन इंडस्ट्री का जाना माना नाम रही हैं। इशिका तनेजा ने साल 2018 में मिस वर्ल्ड टूरिज्म इंडिया का खिताब जीता था। इसके अलावा वे मिस इंडिया 2017-18 में भी कई कैटेगरी में विजेता रही हैं।
इशिका का नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है। दिसंबर 2014 में इशिका तनेजा ने नई दिल्ली के डीएलएफ एम्पोरियो मॉल में 60 मिनट में 60 अलग अलग मॉडलों पर फुल एयरब्रश मेकअप करके गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। हेयर, मेकअप और ब्यूटी इंडस्ट्री में ऐसा करने वाली वे पहली भारतीय बनीं।
इशिका तनेजा को 2016 में '100 वूमन अचीवर्स ऑफ इंडिया' सम्मान से नवाजा था। वे सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रही हैं, खासकर रेप पीड़ितों, एसिड अटैक सर्वाइवर्स, अनाथ बच्चों और बुजुर्गों के लिए।
इशिका तनेजा के इंस्टाग्राम पर 15 लाख फॉलोअर्स हैं। इशिका अपने NGO ''ishika sree laxmi foundation'' से भी समाजिक कार्य करती हैं।
🟡 विश्व हिंदू परिषद की क्या है मांग?
विश्व हिंदू परिषद का यह प्रदर्शन बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की हत्या के विरोध में था। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि पीड़ित परिवार को न्याय मिले और बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। प्रदर्शन के दौरान माहौल उस वक्त और तनावपूर्ण हो गया, जब भीड़ बैरिकेड्स के पास पहुंच गई। पुलिस को अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा।
🟡 कौन था हिंदू युवक दीपू चंद्र दास? जिसकी बांग्लादेश में की गई हत्या
बांग्लादेश के मयमनसिंह जिले में 18 दिसंबर की रात 25 वर्षीय हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की हत्या कर दी गई। दीपू चंद्र दास मयमनसिंह जिले के भालुका क्षेत्र में स्थित एक गारमेंट फैक्ट्री में काम करता था। दीपु अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी कमाई पर उसके दिव्यांग पिता, मां, पत्नी और एक छोटे बच्चे की पूरी जिम्मेदारी टिकी हुई थी। उसकी हत्या के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और उनके सामने जीवनयापन का गहरा संकट खड़ा हो गया है।
दीपू चंद्र दास की हत्या को लेकर शुरुआती तौर पर यह बात फैलाई गई कि उसने फेसबुक पर कोई आपत्तिजनक धार्मिक टिप्पणी की थी, लेकिन प्रारंभिक जांच में इस दावे की कोई पुष्टि नहीं हो सकी।
इस घटना के बाद भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में भी तल्खी बढ़ी है। बांग्लादेश ने भारतीय उच्चायुक्त प्रणय वर्मा को तलब किया है और भारत में बांग्लादेशी मिशनों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।












Click it and Unblock the Notifications