कौन हैं IAS नरेश पाल गंगवार? जिन्हें बनाया गया नया उच्च शिक्षा सचिव, किन-किन अफसरों का हुआ तबादला?
देश में नीट पेपर लीक, सीबीएसई विवाद और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में जंतर-मंतर पर चल रहे उग्र प्रदर्शनों के बीच केंद्र सरकार ने शिक्षा मंत्रालय में बड़ा फेरबदल कर दिया है। सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग के सचिव पद से वरिष्ठ IAS अधिकारी विनीत जोशी को हटा दिया है। विनीत जोशी को अब पंचायती राज मंत्रालय में सचिव बनाकर भेजा गया है।
परीक्षा प्रणाली में गड़बड़ी और छात्रों के भारी विरोध के बीच विनीत जोशी की विदाई को बेहद रणनीतिक कदम माना जा रहा है। सरकार ने उनकी जगह 1994 बैच के राजस्थान कैडर के अनुभवी आईएएस अफसर नरेश पाल गंगवार को नया उच्च शिक्षा सचिव नियुक्त किया है।

कौन हैं नरेश पाल गंगवार? (Who is IAS Naresh Pal Gangwar)
21 अक्टूबर 1970 को जन्मे नरेश पाल गंगवार प्रशासनिक दुनिया के माहिर खिलाड़ी माने जाते हैं। उनकी पढ़ाई-लिखाई का प्रोफाइल काफी दमदार है। उन्होंने रुड़की यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में बीटेक, आईआईटी दिल्ली से कम्युनिकेशन में एमटेक और राजस्थान यूनिवर्सिटी से इकोनॉमिक्स में एमए किया है।
इस नई जिम्मेदारी से पहले वे 22 अगस्त 2025 से पशुपालन और डेयरी विभाग में सचिव के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। इससे पहले वे पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय में एडिशनल सेक्रेटरी और राजस्थान सरकार में प्रिंसिपल सेक्रेटरी रह चुके हैं। वर्ष 2010 से 2014 के दौरान उन्होंने नेशनल सोलर मिशन के शुरुआती दौर में सौर ऊर्जा के विकास से जुड़ी नीतियां बनाने में अग्रणी भूमिका निभाई थी।
प्रशासनिक फेरबदल की पूरी लिस्ट: जानिए किस अफसर को मिली कौन सी कुर्सी
उच्च शिक्षा विभाग में बदलाव के साथ-साथ केंद्र सरकार ने कई अन्य अहम विभागों में भी सचिव स्तर के अफसरों की नई नियुक्तियां की हैं।
- कतिकिथला श्रीनिवास: आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय से स्थानांतरित कर उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्रालय में सचिव बनाए गए।
- टी. के. अनिल कुमार: ग्रामीण विकास विभाग से हटाकर स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग का नया सचिव नियुक्त किया गया।
- पीयूष गोयल: खान मंत्रालय से हटाकर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) के नए महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
- केशव चंद्रा: खान मंत्रालय के नए सचिव नियुक्त किए गए हैं।
- सुशील कुमार लोहानी: पंचायती राज मंत्रालय से पशुपालन और डेयरी विभाग में विशेष कार्य अधिकारी (OSD) बनाए गए।
- सतेंद्र सिंह: कैबिनेट सचिवालय से ट्रांसफर होकर आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय में शहरी विकास विभाग के सचिव बने।
- चंद्र भूषण कुमार: श्रम और रोजगार मंत्रालय के सचिव पद की कमान संभालेंगे।
- सुचिंद्र मिश्रा: वाणिज्य विभाग से अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय में राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के सचिव नियुक्त हुए।
- डी. थारा: आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय में पूंजी विकास विभाग की सचिव बनाई गई हैं।
- अर्चना वर्मा: जल शक्ति मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय जल मिशन की मिशन निदेशक का पद संभालेंगी।
- बी. राजेंद्र: लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) के निदेशक पद पर बने रहेंगे।
जंतर-मंतर पर संग्राम और सरकार की नई रणनीति
केंद्र सरकार का यह फैसला ऐसे समय आया है जब जंतर-मंतर पर छात्र और सीजेपी कार्यकर्ता लगातार डटे हुए हैं। प्रदर्शनकारी छात्र केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने और पूरी परीक्षा प्रणाली की जवाबदेही तय करने की जिद पर अड़े हैं।
सरकार और छात्रों के बीच बातचीत के मोड़ पर ब्यूरोक्रेसी के सबसे अहम चेहरे को बदलना यह संकेत देता है कि केंद्र सरकार शिक्षा विभाग का इमेज मेकओवर करना चाहती है और प्रशासनिक स्तर पर किसी भी ढिलाई के मूड में नहीं है।
नीट धांधली और पेपर लीक के मामलों में लगातार घिर रहे शिक्षा मंत्रालय के लिए नए सचिव के रूप में नरेश पाल गंगवार की एंट्री एक बड़ा मोड़ है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि तकनीकी और आर्थिक मामलों में महारत रखने वाले गंगवार सीजेपी आंदोलन की मांगों और ध्वस्त होती परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए क्या नए कदम उठाते हैं।


Click it and Unblock the Notifications
