फरमानी नाज ने गाया 'हर हर शंभू' तो मचा बवाल, अब सिंगर बोलीं- पति ने छोड़ दूसरी शादी की तो कोई नहीं आया
फरमानी नाज ने गाया 'हर हर शंभू' तो मचा बवाल, अब सिंगर बोलीं- पति ने छोड़ दूसरी शादी की तो कोई नहीं आया
नई दिल्ली, 02 अगस्त: सोशल मीडिया पर इन दिनों उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर की रहने वाली फरमानी नाज चर्चा में हैं। फरमानी नाज एक गायिका हैं, वो सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आइडल में भी दिखाई दे चुकी हैं। हाल ही में फरमानी नाज ने 'हर हर शंभू' गाना गाया था, जिसको लेकर बवाल मच गया है। देवबंद के एक मुस्लिम मौलवी ने फरमानी नाज के गाने की आलोचना की है। सावन के महीने में फरमानी नाज ने यू-ट्यूब पर 'हर हर शंभू' गाना अपलोड किया था, जहां कई लोनों ने फरमानी नाज की तारीफ की, वहीं कथित तौर पर मुसलमानों की भावनाओं को आहत करने का भी आरोप लगा। अब फरमानी नाज ने मुस्लिम कट्टरपंथी को जवाब दिया है।

कावड़ यात्रा में हिट हो गया फरमानी नाज का गाना
फरमानी नाज 'हर हर शंभू' (भगवान शिव) गाकर मुस्लिम कट्टरपंथियों के निशाने पर आ गई हैं। फरमानी का ये गाना कावड़ यात्रा में हिट हो गया है। लेकिन ये गाना देवबंदी उलेमा को पसंद नहीं आया और उन्होंने फरमानी को नसीहत देते हुए कहा कि वो इस तरह के हिंदू धर्म के गाने ना गाए, ये इस्लाफ धर्म के खिलाफ है। ये गुनाह है। फरमानी को ये नहीं करना चाहिए। अब फरमानी ने सभी आलोचकों और ट्रोल करने वालों को जवाब दिया है।

'जब पति ने तलाक दिए बिना दूसरी शादी की तो कोई नहीं आया...'
आज तक के साथ बातचीत में फरमानी नाज ने कहा,''जब मेरे पति ने बिना तलाक दिए दूसरी शादी की थी तो उस वक्त कोई नहीं आया था। उस वक्त ये लोग कहां गए थे। मैं अपने बच्चे के पेट को पालने के लिए गाना गाती हूं। मैं अपनी कला के दम पर आगे बढ़ रही हूं...किसी को इसमें क्या दिक्कत है।''

'बेटे को बीमारी थी तो पति और ससुराल वालों ने नहीं दिया साथ...'
फरमानी नाज ने कहा है कि किसी ने उन्हें घर आकर गाना गाने से नहीं रोका है। फरमानी ने कहा, ''मैं अपने बेटे के लिए गाना गाती हूं, ताकि उसको एक अच्छी जिंदगी दे सकूं। मैं अपने हुनर के बल पर आगे बढ़ रही हूं, मैंने किसी का सहारा नहीं लिया है। जब मेरे बेटे को बीमारी थी तो किसी ने मेरा साथ नहीं दिया, मेरे पति और ससुराल वालों ने मेरा साथ छोड़ दिया था।''

फरमानी ने बताया, कैसे पति और ससुरालवालों ने किया परेशान
फरमानी ने बताया कि उन्होंने साल 2017 में इमरान से शादी की थी। शादी के ठीक एक साल बाद 2018 में उन्होंने एक बेटे को जन्म दिया। फरमानी के बेटे के जन्म से ही गले में बीमारी थी, ये बात जानने के बाद ससुराल वालों ने फरमानी को परेशान करना शुरू कर दिया था। ससुराल वाले फरमानी को अपने मायके से पैसा लाने को कहते थे।

बेटे के लिए फरमानी ने बीच में छोड़ दिया था इंडियन आइडल
फरमानी ने बताया था कि उसके पति और ससुराल वालों ने उन्हें इतना परेशान किया कि वो बेटे के साथ मायके में ही रहने लगी थीं। फरमानी कहती हैं कि उनके पति ने इसके बाद बिना उन्हें तलाक दिए, दूसरी शादी कर ली। फरमानी ने इसके बाद इंडियन आइडल 2020 में पार्टिसिपेट किया था। लेकिन फरमानी ने इंडियन आइडल सीजन 12 बीच में ही छोड़ दिया था...क्योंकि उनके बेटे की तबीयत बहुत ज्यादा खराब हो गई थी।

'एक कलाकार का कोई धर्म नहीं होता है...'
फरमानी नाजी ने कहा, '' मेरे गाने से किसी को क्या परेशानी होनी चाहिए। लोग मेरे गाने को पसंद कर रहे हैं, इसमें कुछ लोगों को क्या दिक्कत है। मैं अपने बच्चे के भविष्य के लिए काम करती हूं। मैं बस इतना चाहती हूं सरकार कोई ऐसा कदम उठाए कि जो मेरे साथ हुआ, वो किसी और के साथ ना हो। एक कलाकार का कोई धर्म नहीं होता है। मैं हर तरह के धुन को आवाज देना चाहती हूं।''












Click it and Unblock the Notifications