उपराष्ट्रपति के पद से इस्तीफा देने के बाद जगदीप धनखड़ फिलहाल कहां हैं? चल गया लोकेशन का पता
Jagdeep Dhankhar: पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफे के बाद से उनकी चुप्पी चर्चा का विषय बनी हुई है। जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफे ने राजनीति में हलचल मचा दी थी। 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा देने वाले धनखड़ तब से न तो किसी कार्यक्रम में दिखाई दिए और न ही कोई सार्वजनिक बयान दिया। जगदीप धनखड़ को इस्तीफा दिए 26 दिन बीत चुके हैं।
विपक्षी सांसद लगातार उनकी लोकेशन और स्वास्थ्य को लेकर स्पष्टीकरण मांग रहे हैं। विपक्ष पूछ रहे हैं कि "धनखड़ आखिर हैं कहां?" लेकिन अब तस्वीर साफ हो गई है। जगदीप धनखड़ के लोकेशन का पता चल गया है।

Jagdeep Dhankhar Location: फिलहाल कहां रह रहे हैं जगदीप धनखड़?
'इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट के मुताबिक, धनखड़ कहीं बाहर नहीं गए हैं बल्कि उपराष्ट्रपति आवास (Vice President's Enclave) में ही रह रहे हैं। धनखड़ इस्तीफे के बाद भी उपराष्ट्रपति आवास में ही हैं।
वे पिछले साल अप्रैल में यहां शिफ्ट हुए थे। इसे सेंट्रल विस्टा रिडेवलेपमेंट प्रोजेक्ट के तहत खास तौर पर उपराष्ट्रपति के आवास और दफ्तर के लिए तैयार किया गया था।
धनखड़ को हमेशा से न्यायपालिका से जुड़े मामलों सहित कई मुद्दों पर मुखर माना जाता रहा है। 6 अगस्त को राज्यसभा सचिवालय ने उनके पूर्व वरिष्ठ निजी सचिव कौस्तुभ सुधाकर भालेकर को पूर्व उपराष्ट्रपति का निजी सचिव नियुक्त किया।
टाइप-8 बंगले में शिफ्ट होने की अटकलें
जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद चर्चा थी कि वे जल्द ही दिल्ली के लुटियंस जोन में स्थित टाइप-8 सरकारी बंगले में शिफ्ट होंगे। यह वही बंगला है जो आमतौर पर सुप्रीम कोर्ट के जजों, वरिष्ठ मंत्रियों और बड़े राजनीतिक दलों के प्रमुखों को मिलता है। इसका क्षेत्रफल करीब 8,000 से 8,500 वर्गफीट तक होता है। हालांकि, अभी तक वे शिफ्ट नहीं हुए और फिलहाल उपराष्ट्रपति आवास में ही रह रहे हैं।
धनखड़ के लिए नए टाइप-8 बंगले की तैयारी
उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के बाद यह कयास लगाए जा रहे थे कि जगदीप धनखड़ जल्द ही वाइस प्रेसिडेंट एन्क्लेव छोड़ देंगे। कहा तो यहां तक गया कि उन्होंने शिफ्टिंग की तैयारियां भी शुरू कर दी थीं।
हालांकि, फिलहाल वे अभी भी उसी आवास में रह रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके लिए एक टाइप-8 बंगले की तलाश की जा रही है। जैसे ही नया आवास तय होगा, धनखड़ वहां शिफ्ट हो जाएंगे।
विपक्ष का सवाल-जवाब
धनखड़ की रहस्यमयी चुप्पी पर विपक्ष हमलावर है। संजय राउत ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर पूछा था कि पूर्व उपराष्ट्रपति कहां हैं और उनकी सेहत कैसी है।
कपिल सिब्बल ने तो तंज कसते हुए कहा था - "लापता लेडीज फिल्म के बारे में सुना था, लेकिन लापता उपराष्ट्रपति पहली बार सुन रहा हूं।" राज्यसभा के कई सदस्य भी उनसे संपर्क करने की कोशिश कर चुके हैं, लेकिन नाकाम रहे।
कुल मिलाकर, इस्तीफे के बाद धनखड़ की रहस्यमयी चुप्पी ने राजनीतिक हलकों में जिज्ञासा और सस्पेंस दोनों ही बढ़ा दिया है।












Click it and Unblock the Notifications