जिस भाजपा विधायक ने हराया, उसे देखकर विधानसभा में खुद को रोक नहीं सके नवीन पटनायक, कह दी ये बात
ओडिशा के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक उलटफेर करते हुए पूर्ण बहुमत हासिल किया है। जिसके बाद 24 वर्षों के बीजू जनता दल की सरकार का अंत हो गया है।
हालांकि बीजू जनता दल को चुनाव में हार मिली है। लेकिन पार्टी के मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने अपने व्यवहार से विधानसभा में एक बार फिर से साबित कर दिया है कि वह राजनीति में मिसाल हैं।

दरअसल विधानसभा में जब नवनिर्वाचित विधायकों का शपथ ग्रहण समारोह हुआ तो नवीन पटनायक भी सदन में पहुंचे। इस दौरान उनकी मुलाकात लक्ष्मण बाग से हुई। लक्ष्मण बाग ने नवीन पटनायक को विधानसभा चुनाव में मात दी है। लेकिन जब लक्ष्मण बाग से नवीन पटनायक मिले तो उन्होंने उन्हें शाबाशी दी।
लक्ष्मण बाग का स्वागत करने के लिए खुद नवीन पटनायक उनकी बेंच पर पहुंचते हैं और उन्हें शाबाशी देते हैं। नवीन पटनायक का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जब नवीन पटनायक लक्ष्मण बाग की सीट पर पहुंचते हैं तो वह खड़े होकर उनका अभिनंदन करते हैं। नवीन पटनायक उनका अभिवादन स्वीकार करते हुए कहते हैं, ओ आप ही हैं जिन्होंने मुझे हरा दिया। आपको जीत की बहुत बधाई।
गौर करने वाली बात है कि नवीन पटनायक ने दो विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ा था। कांटाबांजी सीट पर उनके खिलाफ भाजपा के लक्ष्मण बाग मैदान में थे। यहां पर नवीन पटनायक को हार का सामना करना पड़ा।
हालांकि हिंजिली सीट पर नवीन पटनायक को जीत मिली। लक्ष्मण बाग को कांटाबांजी में 90876 वोट मिले, जबकि नवीन पटनाय को 74532 वोट मिले। लक्ष्मण बाग ने पटनायक को 16344 वोटों से हरा दिया।
बता दें कि मंगलवार को ओडिशा विधानसभा में नवनिर्वाचित विधायकों ने विशेष सत्र के दौरान शपथ ली। ओडिशा विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 147 विधानसभा सीटों में से 78 सीटों पर जीत दर्ज करके पूर्ण बहुमत हासिल किया है।
जिसके बाद मोहन चरण माझी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। जबकि केवी सिंह देव और पार्वती परीदा ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली।












Click it and Unblock the Notifications