BRICS: किनुआ बिरयानी से सत्तू तक, विदेशी मेहमानों की थाली में देसी स्वाद, भारतीय मसालों से सजेगा खास मेन्यू
BRICS Summit Food Menu: नई दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को 18वें BRICS समिट का आयोजन होना है। भारत इस साल BRICS की अध्यक्षता कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्राजील, रूस, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इंडोनेशिया, ईरान और यूएई समेत दूसरे साझेदार देशों से आने वाले नेताओं और प्रतिनिधियों की मेजबानी करेंगे। भारत मंडपम में मुख्य बैठकें होंगी, लेकिन असली हलचल दिल्ली के दिग्गज फाइव-स्टार होटल्स के किचन में है।
ब्राजील, रूस, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इंडोनेशिया, ईरान और यूएई के राष्ट्राध्यक्षों के लिए भारतीय शेफ खास देसी पकवान तैयार कर रहे हैं। महीनों की रिसर्च और ट्रायल्स के बाद ऐसा मेन्यू सेट किया गया है, जो सेहत, स्वाद और भारतीय संस्कृति का बेजोड़ संगम है।

विदेशी मेहमानों की थाली में क्या होगा?
BRICS प्रतिनिधिमंडलों की पसंद एक जैसी नहीं है। किसी को कम मसाला चाहिए तो किसी की अपनी डाइटरी जरूरत है। कुछ मेहमानों ने एलर्जी से जुड़ी जानकारी भी पहले से साझा की है। इसलिए होटलों ने एक ही मेन्यू सबके लिए तय नहीं किया है। हर प्रतिनिधिमंडल की पसंद और जरूरत को ध्यान में रखकर खाने की तैयारी की गई है।
द लीला पैलेस नई दिल्ली के एग्जीक्यूटिव सू-शेफ अस्तिक ओबेरॉय ने बताया कि मेन्यू पर कई हफ्तों पहले से काम शुरू हो गया था। कई दौर की टेस्टिंग और ट्रायल के बाद व्यंजन तय किए गए। अलग-अलग रेस्तरां में मेहमानों को कई तरह के भोजन के विकल्प भी मिलेंगे।
द लीला पैलेस के भारतीय रेस्तरां जामावर में देश के अलग-अलग हिस्सों के व्यंजनों को जगह दी गई है। मेन्यू में उत्तर, मध्य और दक्षिण भारत के स्वाद को शामिल किया गया है। मकसद सिर्फ खाना खिलाना नहीं है। विदेशी मेहमानों को एक ही जगह पर भारत की अलग-अलग खान-पान की परंपराओं से रूबरू कराना भी है।
भारतीय मसालों और पारंपरिक सामग्री पर खास जोर है। जौ, ज्वार, मिलेट और सत्तू जैसी चीजें भी मेन्यू का हिस्सा हैं। यहां पारंपरिक अनाज को आधुनिक अंदाज में परोसने की कोशिश की गई है। इसी कड़ी में किनुआ उपमा और किनुआ बिरयानी जैसे व्यंजन भी तैयार किए जा रहे हैं।
मिलेट से लेकर सत्तू तक, देसी अनाज बना स्टार
इस मेन्यू में श्री अन्न यानी मिलेट्स को खास जगह मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लंबे समय से मोटे अनाज को बढ़ावा देने की बात करते रहे हैं। BRICS के मेहमानों के लिए भी इन्हें आधुनिक और हल्के अंदाज में पेश किया जा रहा है।
द लीला के वेलनेस कार्यक्रम से जुड़ी चीजें भी मेहमानों के अनुभव का हिस्सा हैं। इसमें बाजरा, ज्वार और सत्तू जैसे भारतीय अनाज शामिल हैं। मिलेट लड्डू, नमकीन मिलेट ट्रेल मिक्स, ग्रेनोला बार और दूसरे हल्के विकल्प भी रखे गए हैं। मेहमानों के लिए लीला अमृत नाम का वेलनेस ड्रिंक भी तैयार किया गया है। इसमें तुलसी, अदरक, शहद, नींबू और जीरा जैसी चीजों का इस्तेमाल किया जाता है।
BRICS मेहमानों के लिए तैयार मीठे में भी भारतीय पहचान को जगह मिली है। द लीला पैलेस ने कमल से प्रेरित खास डेजर्ट तैयार किया है। इसमें गुलाब, केसर और इलायची के स्वाद को भारतीय फलों के साथ जोड़ा गया है। इसके अलावा केसर-पिस्ता कलश, बिना चीनी वाली अंजीर-काजू रोल और मोंक फ्रूट से तैयार मीठे विकल्प भी मेन्यू में शामिल हैं। कमल से जुड़ा डेजर्ट खास तौर पर मेहमानों के कमरे में स्वागत सामग्री के तौर पर भी दिया जाएगा।
दिल्ली के किस होटल में क्या है BRICS समिट का खास मेन्यू?
ताज महल होटल: 'ट्रेडिशन टू टेबल' और मां के हाथों का स्वाद
ताज महल होटल अपने VIP मेहमानों का स्वागत 'ट्रेडिशन टू टेबल' थीम से कर रहा है। इसमें शेफ्स ने अपनी माताओं से सीखी पारंपरिक रेसिपीज को ग्लोबल टच दिया है। छह अलग-अलग राज्यों से खास स्नैक्स चुने गए हैं। इसमें कश्मीर के मसालेदार अखरोट, पुरानी दिल्ली के मैदा काजू, महाराष्ट्र की भाकरवड़ी, राजस्थान की मिनी कचौरी, बंगाल की कुचो निमकी और तमिलनाडु का मुरुक्कू शामिल है।
ताज महल के एरिया डायरेक्टर-ऑपरेशंस और जनरल मैनेजर डॉ. अनमोल अहलूवालिया ने कहा,
"करीब पांच दशक से हमारा होटल दुनिया भर के राष्ट्राध्यक्षों और राजनयिकों की मेजबानी करता आया है। इस बार भी कोशिश है कि भारतीय खान-पान की विविधता के जरिए मेहमानों तक हमारी मेहमाननवाजी और संस्कृति की गर्माहट पहुंचाई जाए।"
ताज के एग्जीक्यूटिव शेफ कौशिक मिश्रा ने बताया कि मेन्यू तैयार करने में करीब तीन से छह महीने का शोध और तैयारी लगी। अलग-अलग देशों के मेहमानों की पसंद को समझकर मसालों और सामग्री का चुनाव किया गया। केसर, कॉफी और चाय जैसे स्वादों को भी स्वागत अनुभव का हिस्सा बनाया गया है।
द ललित में गालौटी कबाब से मिलेट तक
द ललित नई दिल्ली ने भी BRICS प्रतिनिधियों के लिए अलग मेन्यू तैयार किया है। इसमें भारतीय क्षेत्रीय खान-पान को आधुनिक अंदाज में पेश किया जाएगा। गालौटी कबाब और तंदूर में बनी रोटियों जैसे पारंपरिक व्यंजन इसमें शामिल हैं।
इसके साथ ही मिलेट पर आधारित कई विकल्प रखे गए हैं। शेफ ने भारतीय स्वाद के साथ कुछ अंतरराष्ट्रीय प्रभाव भी जोड़े हैं। इसमें मिसो पेस्ट के साथ ब्रेज्ड बैंगन, सिमर्ड चाइनीज कैबेज और एंबर सॉस के साथ जापानी अंदाज में तैयार स्वीट किडनी बीन्स जैसे व्यंजन शामिल हैं।
द ललित के जनरल मैनेजर विशाल शर्मा ने कहा,
"मेन्यू में अलग-अलग खान-पान की झलक को एक साथ लाने की कोशिश की गई है, लेकिन इसकी बुनियाद भारतीय मेहमाननवाजी ही है। हमारी टीम ने स्थानीय सामग्री और भारतीय स्वाद को सामने रखने पर खास ध्यान दिया है।"
द ललित के एग्जीक्यूटिव सू-शेफ अमित बिस्वास ने कहा,
"BRICS के लिए हम मिलेट्स को खास तौर पर बढ़ावा दे रहे हैं। नाश्ते और मुख्य भोजन में मसालों का स्तर ऐसा रखा गया है कि अलग-अलग देशों से आए मेहमान आराम से भारतीय खाना आजमा सकें। भारतीय मसालों, पारंपरिक सब्जियों और स्थानीय खेतों से आने वाली सामग्री को ज्यादा जगह दी गई है।"
द लीला पैलेस: शाही लोटस डेजर्ट और हर्बल वेलनेस ड्रिंक
द लीला पैलेस ने राष्ट्रीय फूल और BRICS के सिंबल 'कमल' को केंद्र में रखकर एक खास एडिबल आर्ट पीस तैयार किया है। गुलाब, केसर और इलायची के मेल से बनी यह लोटस मिठाई स्वदेशी फलों के साथ सर्व की जाएगी। इसके अलावा ओजस्य वेलनेस प्रोग्राम के तहत बाजरा, ज्वार, सत्तू, किनुआ उपमा और मिलेट लड्डू मेहमानों को दिए जाएंगे। मीठे में मोंक फ्रूट से बनी शुगर-फ्री अंजीर-काजू रोल भी मौजूद है।
लीला पैलेस के एग्जीक्यूटिव सू-शेफ अस्तिक ओबेरॉय ने कहा,
"मेन्यू की तैयारी 2-3 महीने पहले ही शुरू हो गई थी। कई दौर के ट्रायल के बाद इसे फाइनल किया गया है। हर डेलिगेशन की एलर्जी और पर्सनल चॉइस का पूरा ध्यान रखा गया है।"
होटल की जनरल मैनेजर प्रीति मखीजा ने बताया,
"हमारे जामावर रेस्टोरेंट में उत्तर से दक्षिण तक का जायका मिलेगा। तुलसी, अदरक, शहद और जीरे से बनी 'लीला अमृत' ड्रिंक मेहमानों को ताजगी देगी। साथ ही दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर खाने की सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं।"
खाने के साथ सुरक्षा का भी पूरा इंतजाम
BRICS जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन में मेन्यू जितना खास है, सुरक्षा भी उतनी ही कड़ी रखी गई है। द लीला पैलेस की जनरल मैनेजर प्रीति मखीजा के मुताबिक, होटल में दिल्ली पुलिस की टीमें सुरक्षा व्यवस्था के साथ जुड़ी हैं। मेहमानों की जरूरत और डाइट का ध्यान रखने के साथ पूरे होटल परिसर की सुरक्षा पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।
यानी BRICS समिट के दौरान दिल्ली के इन होटलों में सिर्फ विदेशी मेहमानों की मेजबानी नहीं होगी। खाने की थाली के जरिए भारत की क्षेत्रीय विविधता, पारंपरिक अनाज, मसाले, स्थानीय उपज और आधुनिक खान-पान को भी दुनिया के सामने पेश करने की कोशिश होगी।


Click it and Unblock the Notifications
