PM मोदी की बड़ी अपील: 'नशे के खिलाफ अब हर परिवार को उतरना होगा मैदान में', 100 दिन के अभियान का पूरा प्लान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से युवाओं में बढ़ती नशे की लत को लेकर बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ड्रग्स की समस्या अब सिर्फ किसी एक परिवार या युवा की चिंता नहीं रह गई है। इससे निपटना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। पीएम ने देशवासियों से 100 दिन के नशा मुक्त युवा अभियान से जुड़ने की अपील की।
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, "नशे की लत देश और खासकर युवाओं के सामने बड़ी चुनौती बन रही है। भारत को नशा मुक्त बनाना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।" उन्होंने कहा कि देश का भविष्य मजबूत रखने के लिए युवाओं का स्वस्थ, सक्षम और देश के लिए काम करने वाला होना जरूरी है।

पीएम मोदी ने खास तौर पर परिवारों से इस मुहिम का हिस्सा बनने को कहा। उन्होंने साफ किया कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकारी अभियान से नहीं जीती जा सकती। इसमें परिवार, समाज और स्थानीय संगठनों की भागीदारी भी जरूरी है।
100 हफ्ते चलेगा अभियान, हर रविवार होंगे कार्यक्रम
पीएम नरेंद्र मोदी ने स्वयंसेवकों, NGOs, सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों के साथ आध्यात्मिक नेताओं से भी इस अभियान में आगे आने की अपील की। इस मुहिम को 100 हफ्ते के राष्ट्रव्यापी जनभागीदारी अभियान के तौर पर चलाया जा रहा है। इसके तहत हर रविवार देश के अलग-अलग हिस्सों में नशे के खिलाफ जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम होंगे। मकसद युवाओं को ड्रग्स और दूसरे नशीले पदार्थों से दूर रखने के साथ समाज में इस मुद्दे पर खुलकर बातचीत बढ़ाना है।
खेल से नुक्कड़ नाटक तक, ऐसे चलेगी नशे के खिलाफ मुहिम
अभियान में सिर्फ भाषण या जागरूकता संदेश तक बात सीमित नहीं रहेगी। इसमें युवाओं और आम लोगों को जोड़ने के लिए कई तरह की गतिविधियां होंगी। इनमें स्पोर्ट्स इवेंट, वॉकाथॉन, मेडिटेशन सेशन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक, चर्चा मंच, आर्ट कॉम्पिटिशन और कम्युनिटी एंगेजमेंट प्रोग्राम शामिल होंगे। यानी कोशिश यह है कि नशे के खिलाफ संदेश सीधे स्कूल, कॉलेज, मोहल्ले और स्थानीय समुदाय तक पहुंचे।
2 अगस्त को PM मोदी ने शुरू किया था अभियान
इससे पहले 2 अगस्त को पीएम मोदी ने 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' की शुरुआत की थी। यह कार्यक्रम युवाओं को नशे से दूर रहने और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के संदेश के साथ शुरू हुआ। पीएम मोदी ने Gen Z की मौजूदगी वाले कार्यक्रम में इसे वर्चुअली लॉन्च किया था। यह शुरुआत ऐसे समय हुई थी, जब दिल्ली में छात्रों का परीक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर आंदोलन भी चर्चा में था।
2020 में शुरू हुआ था नशा मुक्त भारत अभियान
नशे के खिलाफ केंद्र सरकार का नशा मुक्त भारत अभियान साल 2020 में शुरू किया गया था। अब नए 100 हफ्ते के जनभागीदारी अभियान के जरिए इस मुहिम को युवाओं और स्थानीय समुदायों के स्तर तक और मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। पीएम मोदी का संदेश साफ है। नशे के खिलाफ लड़ाई सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी नहीं है।
परिवार, युवा, सामाजिक संगठन और आम नागरिक मिलकर इसे जनआंदोलन बनाएं। यही वजह है कि प्रधानमंत्री ने हर परिवार से अभियान में शामिल होने और नशा मुक्त भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने की अपील की है।


Click it and Unblock the Notifications
