JNU हिंसा पर भड़कीं ज्वाला गुट्टा, बोलीं- ये क्या हो रहा है, क्या हम अब भी चुप रहने वाले हैं?
नई दिल्ली। जेएनयू (जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय) हिंसा पर भारतीय स्टार महिला बैडमिंटन खिलाड़ी ज्वाला गुट्टा ने हैरानी जताई है। उन्होंने कहा है कि आखिर ये हो क्या रहा है। ज्वाला ने लगातार दो ट्वीट कर इस मामले पर कहा, 'क्या हो रहा है... ये क्या है!! क्या हम अब भी चुप रहने वाले हैं?? देखिए हमारे छात्रों के साथ ये हो रहा है??'

बता दें जेएनयू में रविवार को हुई हिंसा की कड़ी निंदा की जा रही है। यहां नकाब में आए हमलावरों ने हॉस्टल में घुसकर छात्रों पर हमला कर दिया था। जिसके बाद कई छात्र बुरी तरह से घायल हो गए। इन्हें इलाज के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान(AIIMS) में भर्ती करवाया गया है। घटना को लेकर विपक्षी पार्टियां लगातार सरकार पर निशाना साध रही हैं।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने छात्रों से मुलाकात कर सरकार पर तंज कसा। उन्होंने कहा, 'एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती घायल छात्रों ने मुझे बताया कि कुछ गुंडे कैंपस में घुसे और उनपर डंडों और अन्य हथियारों से हमला कर दिया। कई घायल छात्रों के हाथ-पैर टूटे हैं और कई के सिर में चोट आई है। एक छात्र ने मुझे बताया कि पुलिस ने उसके सिर पर कई बार लात मारी।'
घटना को लेकर वाम-नियंत्रित जेएनयू छात्र संघ और आरएसएस की छात्र विंग अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। घटना में घायल 20 लोगों को एम्स में भर्ती कराया गया है। कई विपक्षी दल इस घटना को लेकर सरकार पर निशाना साध रहे हैं। पुलिस का कहना है कि घायल छात्रों द्वारा दिए गए बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications