प.बंगाल में बीजेपी कार्यकर्ता की हत्या, पीठ पर लिखा- 'BJP के लिए काम करने का यही अंजाम होगा'
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव के दौरान शुरू हुई हिसंक वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पंचायत चुनाव के दौरान टीएमसी कार्यकर्ताओं पर बीजेपी कार्यकर्ताओं को मारने-पीटने, उनकी हत्या करने और धमकाने का आरोप लगता रहा लेकिन सत्ताधारी दल ने इस हिंसा को आपसी झगड़े का नाम देकर पल्ला झड़ने की कोशिश की। वहीं राज्य में एक और वारदात के बाद उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक 18 साल के युवक की हत्या कर उसकी लाश को पेड़ से लटका दिया गया। मृतक की पहचान 18 वर्षीय त्रिलोचन महतो के रूप में हुई है और ये बीजेपी का कार्यकर्ता बताया जा रहा है।

पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में बीजेपी के एक दलित कार्यकर्ता की हत्या कर उसके शव को पेड़ से लटका दिया गया। यही नहीं, मृतक के पीठ पर एक पोस्टर भी चिपकाया गया था जिसपर लिखा था, 'बीजेपी के लिए काम करने का यही अंजाम होगा।' इस वारदात के बाद बीजेपी का आरोप है कि बीजेपी कार्यकर्ता की हत्या टीएमसी के कार्यकर्ताओं द्वारा की गई है।

पीठ पर बंगाली में लिखा, अब तुम मर चुके हो
बुधवार की सुबह कुछ लोगों ने पुरुलिया के सुपढ़िह गांव के पास जंगल में एक पेड़ पर युवक के शव को लटके हुए देखा था। जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। त्रिलोचन महतो दलित समुदाय से था और बीजेपी का कार्यकर्ता बताया जा रहा था।

टीएमसी कार्यकर्ताओं पर हत्या का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, त्रिलोचन के शव के पास एक लेटर पाया गया था। जिसपर बंगाली में लिखा था, 'पिछले 18 सालों से यह शख्स बीजेपी के लिए काम कर रहा है, पंचायत वोट के बाद से ही तुम्हें मारने की प्लानिंग चल रही थी लेकिन बार-बार बच रहे थे लेकिन अब तुम मर चुके हो'।

ममता बनर्जी पर बीजेपी ने साधा निशाना
इस घटना पर बीजेपी बंगाल ने ट्वीट किया, 'टीएमसी ने वेस्ट बंगाल को श्मशान बना दिया। पंचायत चुनाव के पहले और उसके बाद कुल 18 बीजेपी कार्यकर्ताओं की हत्या की जा चुकी है।' बीजेपी ने पंचायत चुनाव के दौरान हिंसक वारदातों के पीछे टीएमसी को जिम्मेदार ठहराया था और कहा था कि ममता बनर्जी के इशारे पर पश्चिम बंगाल में बीजेपी कार्यकर्ताओं की हत्या कराई जा रही है।
ये भी पढ़ें: इस लिंक पर क्लिक कर पढ़ें उपचुनाव परिणाम के ताजा तरीन अपडेट्स












Click it and Unblock the Notifications