पश्चिम बंगाल: रेप पीड़ित आदिवासी बच्ची से मिले केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल, ममता सरकार पर साधा निशाना
नई दिल्ली। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में रेप पीड़िता आदिवासी बच्ची से मुलाकात की। बच्ची का सिलीगुड़ी के नार्थ बंगाल मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। दस साल की बच्ची से मिलने के बाद पटेल ने उसके परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया। वहीं कानून व्यवस्था और स्वास्थ्य ढांचे को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सरकार को निशाने पर लिया।

प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि बंगाल की संस्कृति काफी आदर्श मानी जाती रही है, बावजूद इसके ऐसी घटनाएं सरकार और कानून व्यवस्था को कलंकित करने वालीं हैं। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में गंदगी का ढेर लगा हुआ है और ये हाल तब है जब स्वास्थ्य विभाग खुद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के पास है।पटेल ने कहा कि बंगाल की सरकार का यह वीभत्स चेहरा है। महिला हो या मासूम बच्चियां, सभी के साथ अपराध हो रहे हैं।
पश्चिम बंगाल के दौरे पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल शुक्रवार को भाजपा सांसद राजू बिस्टा के साथ अस्पताल में पहुंचे थे। उन्होंने परिवार से मुलाकात के बाद चिकित्सकों से भी बच्ची की सेहत के बारे में जानकारी लेते हुए इलाज में कोई कोताही ना किए जाने का निर्देश दिया। उनके साथ मौजूद रहे दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने कहा कि पूर्व में भी सिलीगुड़ी में लड़कियों के साथ अपराध की कई घटनाएं हो चुकीं हैं। जलपाईगुड़ी के राजगंज में दो बहनों के साथ दुष्कर्म के बाद जहर दे दिया गया था, जिससे एक की मौत हो गई थी।
बता दें कि दस साल की इस बच्ची से रेप का आरोप सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता पर लगा है। जिसको लेकर भाजपा कार्यकर्ता लगातार टीएमसी को निशाने पर ले रहे हैं। भाजपा का कहना है कि उसके कार्यकर्ताओं के दबाव के बाद ही पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा है।