ममता बनर्जी को झटका, टीएमसी छोड़ भाजपा में शामिल हुए विधायक अरिंदम भट्टाचार्य
पश्चिम बंगाल: शांतिपुर से विधायक अरिंदम भट्टाचार्य भाजपा में शामिल हुए शांतिपुर से विधायक अरिंदम भट्टाचार्य
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की शांतिपुर विधानसभा सीट से विधायक अरिंदम भट्टाचार्य भाजपा में शामिल हो गए हैं। भट्टाचार्य टीएमसी को छोड़कर भाजपा में आए हैं। बुधवार को पश्चिम बंगाल में बीजेपी के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय और दूसरे नेताओं की मौजूदगी में राजधानी दिल्ली में अरिंदम भट्टाचार्य ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली। कैलाश विजयवर्गीय ने उनका भाजपा में आने पर स्वागत किया है। भट्टाचार्य टीएमसी से पहले कांग्रेस में भी रहे हैं।

पश्चिम बंगाल में 2016 में हुए विधानसभा चुनाव में अरिंदम भट्टाचार्य कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़े थे और जीते थे। करीब एक साल बाद ही अरिंदम भट्टाचार्य तृणमूल में शामिल हो गए थे। अब वो टीएमसी छोड़ बीजेपी में शामिल हो गए हैं। भाजपा में आने के बाद उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेस से जीता लेकिन टीएमसी को समर्थन कर रहा था। मैंने पश्चिम बंगाल की जो स्थिति है जिसे सुधारने की कोशिश की। बार-बार सुझाव दिए परन्तु कोई समाधान नहीं निकला। आज पश्चिम बंगाल के नौजवानों का कोई भविष्य नहीं है, काम नहीं है। इसलिए मैंने भाजपा में आने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में अब बदलाव आएगा।
दरअसल पश्चिम बंगाल में अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं। पश्चिम बंगाल में चुनाव से पहले लगातार सियासी हलचल देखने को मिल रही है। बीते कुछ महीनों में टीएमसी और दूसरी पार्टियों के कई सांसद, विधायक भाजपा में शामिल हो चुके हैं। ममता बनर्जी की सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके शुभेंदु अधिकारी भी पिछले महीने कई टीएमसी नेताओं के साथन बीजेपी में शामिल हो गए थे।












Click it and Unblock the Notifications