पश्चिम बंगाल: राज्यपाल जगदीप धनखड़ का बयान, तुच्छ राजनीति कर रही हैं ममता बनर्जी
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव का समय नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे राज्य में राजनीतिक संघर्ष बढ़ता ही जा रहा है। शनिवार को भी आसनसोल में बीजेपी और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच खूनी संघर्ष देखने को मिला। इन घटनाओं को लेकर राज्य के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने ममता सरकार पर निशाना साधा है। रविवार को डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की पुण्यतिथि पर एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बोलते हुए जगदीप धनखड़ ने कहा कि राज्य की ममता सरकार संविधाव के रास्ते से भटक चुकी है, राज्य में इस वक्त आग लगी हुई है ममता बनर्जी को कोई लेना-देना ही नहीं है।

मुझे सख्त कदम उठाने को मजबूर कर रही है राज्य सरकार- राज्यपाल
राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने कहा कि मैं इस बात से बेहद दुखी हूं कि राज्य सरकार संविधान के रास्ते से दूर हो गई है। राज्य में आग लगी हुई है और वे लोग (ममता सरकार) तुच्छ राजनीति करने में लगे हुए हैं। राज्यपाल ने आगे कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि ममता बनर्जी का काम ऐसा है कि मुझे हद से बाहर आने के लिए मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि बंगाल सरकार संविधान के पत्र और भावना को समझेगी और इसे सर्वोच्च प्राथमिकता देगी।
पश्चिम बंगाल में अगले साल होने हैं विधानसभा चुनाव
आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव अगले साल मई में होने हैं। चुनाव से पहले राज्य में बीजेपी और टीएमसी के बीच जबरदस्त टकराव देखने को मिल रहा है। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच आए दिन राज्य में खूनी संघर्ष की घटनाएं देखने को मिलती हैं। इसके अलावा नेताओं के बीच जुबानीजंग भी जारी है।












Click it and Unblock the Notifications