पश्चिम बंगाल: राज्यपाल ने ममता पर लगाए आरोप, कहा- CAA नहीं लागू करने के विज्ञापन असंवैधानिक
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धंखर ने रविवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह जनता के पैसे का गलत इस्तेमाल कर रही हैं। वह राज्य में हो रही हिंसा के बीच जनता के पैसों से नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में टेलिवीजन पर कैंपेन चला रही हैं। उन्होंने विज्ञापनों को असंवैधानिक बताते हुए जल्द से जल्द हटाने की मांग की।

क्या है विज्ञापन में?
शनिवार से चल रहे ऐसे टेलिवीजन विज्ञापनों पर धंखर ने कहा, 'सरकार को इसपर तेजी से काम करना चाहिए। मुझे विश्ववास है कि मुख्यमंत्री कम से कम इन विज्ञापनों को हटवा देंगी। ये पूरी तरह से असंवैधानिक हैं। यह जनता के धन का अत्यधिक आपराधिक इस्तेमाल है।' कैंपेन में मुख्यमंत्री लोगों से कह रही हैं कि हिंसा से दूर रहें। साथ ही उन्हें ये सुनिश्चित कर रही हैं कि सरकार बंगाल में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) लागू नहीं होने देंगी।

राज्यपाल ने क्या कहा?
राज्यपाल ने कहा कि ये संशोधित बिल संसद से पारित हुआ है और इसका विरोध करना असंवैधानिक है। ऐसा करने से अराजकता बढ़ेगी। उन्होंने कहा, 'इस कानून को संसद में बहुमत से समर्थन मिला है। विचार-विमर्श के बाद ही ये कानून बना है।' धंखर ने कहा कि लोगों का विश्वास हासिल करने के लिए मख्यमंत्री को संविधान के अनुसार चलना चाहिए। उन्होंने कहा, 'मैं सभी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करता हूं। मेरी सरकार से अपील है कि वह प्रशासनिक मोड में आ जाए।' साथ ही पुलिस को भी अधिक सक्रिय होना चाहिए।

दिलीप घोष ने भी लगाए आरोप
पश्चिम बंगाल की भाजपा ईकाई के अध्यक्ष दिलीप घोष ने भी ममता के कैंपेन पर निशाना साधते हुए कहा कि वह सार्वजनिक तौर पर कह रही हैं कि वह नागरिकता कानून को राज्य में लागू नहीं होने देंगी। ऐसा कर वह संविधान का उल्लंघन कर रही हैं। वो संविधान के खिलाफ जा रही हैं, हम अदालत जाएंगे। हालांकि सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पार्टी ने धंखर के बयान पर अब तक कोई जवाब नहीं दिया है।












Click it and Unblock the Notifications