पश्चिम बंगाल चुनाव: पुरुलिया में बोलीं ममता बनर्जी- मेरा दर्द लोगों की परेशानियों के सामने कुछ भी नहीं
पश्चिम बंगाल: ममता बनर्जी की पुरुलिया में रैली, बोलीं- मेरा दर्द लोगों की परेशानियों के सामने कुछ भी नहीं
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी की मुखिया ममता बनर्जी ने सोमवार को पुरुलिया में भारतीय जनता पार्टी और दूसरे दलों को जमकर निशाने पर लिया। यहां रैली को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा कि मेरे पैर में चोट है, मैं पैर को जमीन पर भी नहीं रख सकती हूं लेकिन ये दर्द कुछ भी नहीं है। इससे कहीं ज्यादा परेशानियां लोगों के सामने हैं। ऐसे में मैं अपने दर्द को पीछे कर लोगों के लिए यहां आई हूं।
Recommended Video

ममता बनर्जी ने कहा कि यह लड़ाई साथ रहकर लड़ने की है। साथ आकर लड़ो, अगर मैं टूटे हुए पैर से लड़ रही हूं तोआप क्यों नहीं लड़ सकते। हमको इस लड़ाई में साथ आना ही होगा। ममता बनर्जी ने इस दौरान जनता से 'ना भाजपा चाहिए, ना कांग्रेस चाहिए ना सीपीएम चाहिए' और 'खेला होबे, देखा होबे, जीत होबे' के नारे लगवाए।
पुरुलिया में ममता बनर्जी ने कहा कि बीजेपी ने यहां 2019 में लोगों से झूठें वादे कर वोट ले लिए और लोगों को ठगने का काम किया। वो जीतकर लोगों के लिए काम करने की बजाय सारी सरकारी संपत्तियों को बेचने का काम कर रही है। ममता बनर्जी ने पेट्रोल डीजल और एलपीजी के बढ़ते दामों को लेकर भी केंद्र की सरकार और ममता बनर्जी को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि बीजेपी की सरकार ने पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस के दाम बढ़ा दिए हैं। उज्ज्वला योजना के तहत सिलेंडर देने की बात कर घोटाला किया है। ममता बनर्जी ने कहा कि बीजेपी, कांग्रेस, लेफ्ट सब भाई-भाई हैं, इनको वोट ना दें।
फ्री राशन का किया वादा
ममता बनर्जी ने यहां लोगों से फ्री राशन का वादा भी किया। उन्होंने कहा कि टीएमसी की सरकार रहेगी तो आप लोगों को फ्री राशन भी मिलता रहेगा। हम राशन लोगों को घरों तक पहुंचाएंगे, मई के बाद आप लोगों को राशन के लिए दुकान तक भी नहीं आना पड़ेगा।
पश्चिम बंगाल में आठ चरण में है चुनाव
पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग ने आठ चरणों में मतदान करवाने का फैसला किया है। दो मई को नतीजों का ऐलान किया जाएगा। पश्चिम बंगाल में पहले चरण के लिए 27 मार्च को, दूसरे चरण में 1 अप्रैल, तीसरे चरण में 6 अप्रैल, चौथे में 10 अप्रैल, पांचवे में 17 अप्रैल, छठें में 22 अप्रैल, सातवें में 26 अप्रैल और आठवें यानी आखिरी चरण में 29 अप्रैल को मतदान होगा। पहले और दूसरे चरण में 30-30 सीटों पर वोट पड़ेंगे। तीसरे चरण में 31 सीट, चौथे चरण में 44 सीट, पांचवें चरण में 45 सीट, छठे चरण में 43 सीट, सातवें चरण में 36 सीट और आखिरी चरण में 35 सीटों पर मतदान होगा। पश्चिम बंगाल में 2016 में हुए विधानसभा चुनाव में कुल 294 सीटों में टीएमसी को 211 सीटों के साथ भारी बहुमत मिला था। चुनाव में वामपंथी दलों को 33, कांग्रेस को 44 और बीजेपी को 3 सीटें मिली थीं।












Click it and Unblock the Notifications