Bengal Elections Result 2026: बंगाल में काउंटिंग से पहले भारी बवाल! भवानीपुर में भिड़े TMC और BJP एजेंट
West Bengal Election Results 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों का दिन आ गया है। पूरे देश की नजर आज बंगाल पर टिकी हुई है, जहां ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल रहा है। सुबह 8 बजे से 293 विधानसभा सीटों पर मतगणना शुरू होगी।
कोलकाता के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित सखावत मेमोरियल स्कूल के बाहर मतगणना शुरू होने से पहले ही माहौल गरमा गया। यहां TMC और बीजेपी के काउंटिंग एजेंट्स के बीच तीखी बहस देखने को मिली।

बिना ID कार्ड के अंदर जाने की कोशिश
बीजेपी के एक काउंटिंग एजेंट ने आरोप लगाया कि TMC एजेंट बिना ID कार्ड के अंदर जाने की कोशिश कर रहे हैं। उनका कहना है कि बीजेपी एजेंट्स नियमों का पालन कर रहे हैं, लेकिन बेवजह विवाद खड़ा किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी बंगाल में बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है।
TMC कार्यकर्ताओं ने लगाए भेदभाव के आरोप
वहीं TMC कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें फाइल और पेन अंदर ले जाने से रोका जा रहा है, जबकि बीजेपी एजेंट्स को इसकी अनुमति दी जा रही है। एक TMC कार्यकर्ता ने कहा कि नियम सभी के लिए एक जैसे होने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि 'हम ममता बनर्जी के लोग हैं और इससे बड़ी कोई पहचान नहीं है।'
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का बड़ा दावा
पश्चिम बंगाल में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य (Samik Bhattacharya) ने मतगणना शुरू होने से पहले बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव 'जनता बनाम ममता' बन चुका है और लोगों ने TMC को नकार दिया है। उनके मुताबिक कुछ घंटों में बीजेपी सरकार बनाने की स्थिति में होगी।
मतगणना पर टिकी नजर
अब सबकी नजर मतगणना पर टिकी हुई है। शुरुआती रुझानों से यह साफ होने लगेगा कि बंगाल में सत्ता की कुर्सी किसके हाथ जाने वाली है। रिकॉर्ड मतदान और हाई-वोल्टेज प्रचार के बाद आज का दिन बंगाल की राजनीति के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
इस बार पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान कराया गया था। पहला चरण 23 अप्रैल और दूसरा चरण 29 अप्रैल को हुआ। चुनाव में 92.93% फीसदी मतदान दर्ज किया गया, जिसे राज्य के चुनावी इतिहास में बेहद अहम माना जा रहा है। बंगाल में पहले चरण में 93.19% और दूसरे चरण में 92.67% वोटिंग हुई। भारी मतदान के बाद राजनीतिक दलों के बीच उत्साह और तनाव दोनों बढ़े हुए हैं।















Click it and Unblock the Notifications