West Bengal Election 2026: ममता सरकार पर जनता का फैसला! BJP की भी कमजोरी आई सामने, Opinion poll ने खोली पोल
West Bengal Election 2026 opinion poll: पश्चिम बंगाल में 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले माहौल धीरे धीरे गर्माने लगा है और इसी बीच Vote Vibe India का पहला ओपिनियन पोल कई चौंकाने वाले संकेत दे रहा है। ममता बनर्जी की सरकार को लेकर बंगाल की जनता पूरी तरह एक राय में नहीं है।
ओपिनियन पोल के मुताबिक 38.3 प्रतिशत लोग सरकार के कामकाज को अच्छा या बेहतरीन मानते हैं, जबकि 40.6 प्रतिशत मतदाता इसे खराब या बहुत खराब बता रहे हैं। करीब 15 प्रतिशत लोगों की राय औसत की है। इसका मतलब साफ है कि राज्य में एक बड़ा तबका सरकार से खुश है, लेकिन उससे थोड़ा ज्यादा हिस्सा असंतुष्ट भी है। इसी वजह से सरकार की कुल संतुष्टि रेटिंग सिर्फ 12.6 प्रतिशत पर टिकती दिख रही है।

महिलाएं और बुजुर्ग ममता सरकार के ज्यादा करीब
ओपिनियन पोल के आंकड़े बताते हैं कि ममता बनर्जी को महिलाओं से अपेक्षाकृत ज्यादा समर्थन मिल रहा है। करीब 40 प्रतिशत महिलाएं सरकार के प्रदर्शन को अच्छा या बेहतरीन मानती हैं, जबकि पुरुषों में यह आंकड़ा 37 प्रतिशत है। हालांकि सरकार से नाराजगी दोनों में लगभग बराबर है, करीब 41 प्रतिशत पुरुष और महिलाएं इसे खराब या बहुत खराब बता रहे हैं।
उम्र के लिहाज से भी दिलचस्प ट्रेंड सामने आया है। 18 से 24 साल के युवाओं में सिर्फ 31 प्रतिशत लोग सरकार से संतुष्ट हैं, जबकि मिडिल एज और सीनियर सिटीजंस यानी 40 साल से ऊपर के लोगों में यह आंकड़ा 43 से 44 प्रतिशत तक पहुंच जाता है। यानी बुजुर्गों में ममता सरकार को ज्यादा स्वीकार्यता मिल रही है।
SC-ST बनाम मुस्लिम वोट, तस्वीर साफ
जातीय और सामाजिक समीकरणों की बात करें तो सबसे बड़ा अलार्म SC और ST समुदाय से आ रहा है। पोल बताता है कि इन वर्गों के 50 प्रतिशत से ज्यादा लोग ममता सरकार से असंतुष्ट हैं। इसके उलट मुस्लिम समुदाय में ममता बनर्जी की सरकार को लेकर मजबूत संतोष नजर आता है और आधे से ज्यादा मुस्लिम मतदाता सरकार के कामकाज को सकारात्मक मान रहे हैं। यह संकेत 2026 में वोट बैंक की राजनीति को नई दिशा दे सकता है।
BJP के लिए सबसे बड़ी मुश्किल क्या है?
Vote Vibe India के इस सर्वे में बीजेपी की कमजोरी भी खुलकर सामने आई है। सबसे बड़ी परेशानी राज्य इकाई में अंदरूनी कलह यानी गुटबाजी बताई गई है, जिसे 20 प्रतिशत लोगों ने मुख्य कारण माना। 16.2 प्रतिशत मतदाताओं का कहना है कि बीजेपी बंगाल की संस्कृति और सोच को ठीक से नहीं समझ पाई है।
वहीं 14.5 प्रतिशत लोगों को लगता है कि बीजेपी के पास बंगाल में कोई करिश्माई नेता नहीं है जो ममता बनर्जी को टक्कर दे सके। करीब 21.8 प्रतिशत लोगों ने यह भी कहा कि वे बीजेपी की कमजोरियों पर कोई साफ राय नहीं बना पाए हैं, जो बताता है कि पार्टी अभी भी अपनी छवि स्पष्ट नहीं कर पाई है।
West Bengal Election 2026 Date: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव का संभावित शेड्यूल
पश्चिम बंगाल की 294 सीटों वाली विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 7 मई 2026 को खत्म हो रहा है। इसी वजह से अगला विधानसभा चुनाव मार्च से अप्रैल 2026 के बीच कराए जाने की संभावना है। आधिकारिक तारीखों का अभी इंतजार है, लेकिन तय माना जा रहा है कि मई से पहले नई विधानसभा का गठन हो जाएगा। 2021 में बंगाल में 8 चरणों में मतदान हुआ था और 2 मई को नतीजे आए थे।
कुल मिलाकर 2026 का बंगाल चुनाव बेहद रोचक होने वाला है। एक तरफ ममता बनर्जी को महिलाओं, बुजुर्गों और मुस्लिम वोटरों का सहारा दिख रहा है, तो दूसरी ओर SC-ST नाराजगी और बीजेपी की अंदरूनी कमजोरियां इस चुनाव को कांटे की टक्कर बना सकती हैं। आने वाले महीनों में बंगाल की सियासत और भी दिलचस्प मोड़ लेने वाली है।












Click it and Unblock the Notifications