बंगाल कांग्रेस ने राहुल गांधी को लिखा पत्र, CPM से गठबंधन को बताया 'जरूरत'
नई दिल्ली। आगामी लोकसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस अलग-अलग राज्यों में गठबंधन की संभावनाएं तलाश रही है। पश्चिम बंगाल में पार्टी वाम मोर्चे के साथ गठबंधन की कोशिश में जुटी है। इसी संदर्भ में पश्चिम बंगाल कांग्रेस ने राहुल गांधी से सीपीएम के साथ सीटें साझा करने की 'आवश्यकता' पर विचार करने को कहा है ताकि बंगाल में बीजेपी की स्थिति पर नजर रखी जा सके और साथ ही ममता बनर्जी की टीएमसी को आगामी विधानसभा में सत्ता से बेदखल किया जा सके।
सूत्रों ने कहा कि बंगाल के प्रदेश अध्यक्ष सोमेन मित्रा ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को पत्र लिखा है और वाम मोर्चे के साथ चुनाव में उतरने की जरूरतों पर ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की है। पत्र में बंगाल में भाजपा के अभियान को रोकने और 2021 के विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस को रोकने के लिए सीपीएम के साथ सीटों के बंटवारे की आवश्यकता पर जोर दिया गया है।
इससे पहले राहुल गांधी ने कांग्रेस पार्टी के पश्चिम बंगाल इकाई के नेताओं के साथ बैठक की। इस बैठक में वाम मोर्चे के साथ गठबंधन के पक्ष में राय बनी और फैसला हुआ कि 2 सीटों को लेकर राहुल गांधी माकपा नेतृत्व से बात करेंगे। जिन दो सीटों को लेकर पेंच फंसा हुआ है वो मुर्शिदाबाद और रायगंज हैं। दरअसल कांग्रेस इन सीटों को अपने लिए मांग रही है। इनमें मुर्शिदाबाद और रायगंज सीट है। इसमें माकपा के वरिष्ठ नेता मोहम्मद सलीम सांसद हैं। ये दोनों सीटें कांग्रेस की परंपरागत सीटें मानी जाती हैं, इसलिए वह दोनों सीटें चाहती है।