मोदी के बाद अमित शाह ने 'जय श्री राम' के नारे पर साधा निशाना, कहा- मुझे नहीं पता दीदी इतना क्यों चिढ़ती हैं
मोदी के बाद अमित शाह ने 'जय श्री राम' के नारे पर ममता बनर्जी पर साधा निशाना, कहा- मुझे नहीं पता दीदी इतना क्यों चिढ़ती हैं
Union Home Minister Amit Shah on Mamata Banerjee govt: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को एक इंटरव्यू दिया। इस दौरान अमित शाह ने कहा, उनकी पार्टी का लक्ष्य पश्चिम बंगाल से ममता बनर्जी सरकार को उखाड़ फेंकना है और ये कोई शुगर कोटिंग बात नहीं है। बंगाल में 'जय श्री राम' के नारे पर जारी सियासत को लेकर भी अमित शाह ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि 'जय श्री राम' के नारे से ममता बनर्जी इतना चिढ़ती क्यों हैं? अमित शाह ने कहा कि बंगाल की रैलियों में हम जय श्री राम' इसलिए कहते हैं क्योंकि लोग ऐसा चाहते हैं। जब अमित शाह से पूछा गया कि क्या आप ममता बनर्जी का अपमान करने के लिए 'जय श्री राम' का नारा लगाते हैं? तो शाह ने कहा,''वंदे मातरम हो, इंकलाब जिंदाबाद हो, भारत माता की जय हो या जय श्री राम के नारा हो, ये तभी लोकप्रिय होते हैं जब लोग उन्हें स्वीकार करते हैं। अन्यथा केवल राजनेता उनका उपयोग करते हैं और फिर खत्म हो जाते हैं।'' अमित शाह से पहले पीएम मोदी ने भी हल्दिया में 'जय श्री राम' के नारे को लेकर ममता बनर्जी पर निशाना साधा था।
Recommended Video

'जय श्री राम' नारे के गुस्से के पीछे ममता बनर्जी सरकार की वोट बैंक की राजनीति है'
इंडिया टुडे कॉन्क्लेव ईस्ट 2021 में अमित शाह ने कहा, ''मुझे नहीं पता कि ममता दीदी 'जय श्री राम' के नारे से क्यों चिढ़ती हैं। तृणमूल कांग्रेस के इस नारे को धार्मिक कॉल के रूप में व्याख्या करने का प्रयास गलत है। अगर यह एक धार्मिक आह्वान होता, तो बंगाल ने इसे कभी स्वीकार नहीं किया होता। 'जय श्री राम' तुष्टिकरण के खिलाफ एक प्रतीक है। बंगाल में युवाओं को दुर्गा पूजा के दौरान पंडालों को व्यवस्थित करने के लिए उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ता है, बच्चे सरस्वती पूजा नहीं मना पाते हैं, लोगों को राम नवमी पर शोभा यात्रा निकालने की अनुमति नहीं है। ये क्या हो रहा है? 'जय श्री राम' नारे के गुस्से के पीछे ममता बनर्जी सरकार की तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति है। यह नारा अब परिवर्तन का नारा है।''
'मैं ममता बनर्जी की सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए यहां आया हूं'
इंडिया टुडे कॉन्क्लेव ईस्ट 2021 में अमित शाह से जब इंटरव्यू में पूछा गया कि ''ममता बनर्जी ने कहा है कि अमित शाह कहते हैं कि हम ममता सरकार को उखाड़ फेंकेंगे, 'क्या इससे मुझे गुस्सा नहीं आएगा?'' इस सवाल के जवाब में अमित शाह बोले- ''मुझे और क्या कहना चाहिए? मैं ममता बनर्जी की सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए यहां आया हूं। हम सत्ता में तभी आ पाएंगे जब हम ममता बनर्जी की सरकार को उखाड़ फेंकेंगे। मैं यहां उनको संभालने नहीं आया हूं। मुझे यह क्यों कहना चाहिए कि मैं ममता बनर्जी की सरकार को संरक्षित करूंगा? TMC अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रही है, इसीलिए मैं कहता हूं कि बंगाल की जनता इस सरकार को उखाड़ फेंकेगी।''
'परिवर्तन यात्रा' पर क्या बोले अमित शाह
अमित शाह ने 'परिवर्तन यात्रा' पर कहा, चुनावी अभियान का नाम 'परिवर्तन यात्रा' रखने के पीछे बीजेपी का उद्देश्य सिर्फ मुख्यमंत्री को बदलना नहीं है, न ही इसका उद्देश्य सत्ताधारी पार्टी या विधायक या मंत्री को बदलना है। हमने बंगाल की स्थिति को बदलने के लिए 'परिवर्तन यात्रा' पर निकले हैं और स्थिति बदल जाएगी जब हम प्रत्येक व्यक्ति के बीच इच्छा और आकांक्षाओं को प्रज्वलित करेंगे ताकि लोकतांत्रिक तरीके से चल रही कुप्रथाओं को रोका जा सके और कुछ अच्छा शुरू किया जा सके। मेरा मानना है कि बंगाल के लोग हमारे साथ हैं क्योंकि वे कभी नहीं चाहेंगे कि बंगाल में अगले पांच साल तक यथास्थिति बनी रहे।''












Click it and Unblock the Notifications