VIDEO : 'राजा' के अंतिम दर्शन में नम हुईं आंखें, 14 साल पहले मिला था जीवनदान
टाइगर राजा का निधन हो गया है। 25 साल 10 महीनों तक जिंदा रहने वाला राजा भारत में सबसे लंबे समय तक जीवित रहने वाले बाघ था।
अलीपुरद्वार (पश्चिम बंगाल), 11 जुलाई : आम तौर पर इंसानों की उम्र को लेकर रिकॉर्ड बनते और सेलिब्रेशन की खबरें देखी जाती हैं, लेकिन यह मामला एक राजा के जन्म और उसकी आयु के रिकॉर्ड का है। बात किसी साम्राज्य के सम्राट की नहीं। इसकी बादशाहत जंगलों में होती है। ये कहानी टाइगर राजा की है। भारत के सबसे लंबे समय तक जीवित रहने वाले बाघ- राजा की कहानी।

सबसे लंबी आयु वाला बाघ
25 वर्ष 10 महीने की उम्र में टाइगर राजा का सोमवार को निधन हो गया। अधिकारियों ने बताया कि एसकेबी बचाव केंद्र में टाइगर राजा का निधन तड़के करीब 3 बजे हुआ। वन विभाग के अधिकारियों ने कहा, बहुत दुख के साथ सूचित किया जा रहा है कि एसकेबी रेस्क्यू सेंटर के बाघ 'राजा' का निधन हो गया। 25 साल और 10 महीने की उम्र में निधन के बाद टाइगर राजा भारत में सबसे लंबे समय तक जीवित रहने वाले बाघों में से एक बन गए।
हुकूमत की लड़ाई में राजा घायल
अधिकारियों ने बताया कि लगभग 14 साल पहले अगस्त 2008 में मगरमच्छ के साथ संघर्ष में टाइगर राजा घायल हो गया था। मगरमच्छ के साथ इलाके पर हुकूमत की लड़ाई में राजा को 10 से अधिक चोटें आई थीं। इसके बाद 'राजा' को उत्तरी बंगाल के दक्षिण खैरबारी बाघ बचाव केंद्र में लाया गया था।
कड़ी मशक्कत के बाद जीवनदान
वन अधिकारियों के मुताबिक पशु चिकित्सक प्रलय मंडल (Veterinary doctor Pralay Mandal) ने वन्यजीव रक्षक पार्थ सारथी सिन्हा (Wildlife Guard Partha Sarthi Sinha) और सदस्यों के साथ समर्पित भाव से टाइगर राजा की सेवा की। दक्षिण खैरबारी में इलाज के बाद बाघ राजा की सेहत में सुधार हुआ था।
टाइगर राजा को श्रद्धांजलि
अधिकारियों के मुताबिक टाइगर राजा लगभग 11 वर्ष की उम्र में दक्षिण खैरबारी बचाव केंद्र लाया गया था। इस सेंटर पर राजा ने जीवन के 15 वर्ष गुजारे। राजा की मौत से भावुक अधिकारियों ने कहा, हम सभी शोक में डूबे हैं। राजा के निधन के बाद अलीपुरद्वार के जिलाधिकारी सुरेंद्र कुमार मीणा, जलदापारा में वन निदेशालय के अधिकारी दीपक एम समेत वन विभाग और जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों और चिड़ियाघर के कर्मचारियों ने टाइगर राजा को श्रद्धांजलि दी।
longest surviving Tiger
सबसे लंबी आयु के बाघ समाचार एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक जनवरी 2014 में, 26 वर्षीय बाघ गुड्डू का निधन उत्तर प्रदेश के कानपुर चिड़ियाघर में हुआ था। टाइगर गुड्डू बंदी वातावरण वाले सबसे उम्रदराज बाघ के रूप में जाना जाता है।












Click it and Unblock the Notifications