Bihar News: भागलपुर में वेब मीडिया का महाकुंभ: WJAI के वेब मीडिया समागम–सह–7वें स्थापना दिवस का भव्य आगाज़
वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (WJAI) ने भागलपुर में एक प्रतिष्ठित वेब मीडिया शिखर सम्मेलन के साथ अपनी 7वीं वर्षगांठ मनाई। नेताओं ने लोकतंत्र, जवाबदेही और विश्वसनीय ऑनलाइन रिपोर्टिंग पर जोर दिया, जबकि पैनल चर्चाओं में विश्वसनीय सामग्री, त्वरित डिजिटल समाचार और वेब पत्रकारों के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण पर प्रकाश डाला गया।
अंग प्रदेश की रेशमी नगरी भागलपुर के आनंद उत्सव पैलेस, आनंदगढ़ में देश के सबसे बड़े वेब पत्रकार संगठन वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (WJAI) द्वारा आयोजित वेब मीडिया समागम–सह–7वां स्थापना दिवस भव्यता के साथ आरंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे, माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति एवं आचार्य प्रो. डॉ. संजय द्विवेदी, न्यूज 18 के ग्रुप एडिटर ब्रजेश कुमार सिंह सहित देशभर से पधारी मीडिया जगत की प्रमुख हस्तियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि वेब मीडिया आज लोकतंत्र की रीढ़ बन चुका है। इसकी वास्तविक ताकत जनपक्षीयता और निर्भीकता में निहित है। पत्रकारों को राष्ट्र, समाज और सत्य के प्रति अपनी जिम्मेदारी को कभी नहीं भूलना चाहिए।
प्रो. डॉ. संजय द्विवेदी ने वेब पत्रकारिता की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वेब मीडिया की सबसे बड़ी शक्ति उसकी गति है, लेकिन विश्वसनीयता ही उसकी असली पहचान है। तथ्य, संतुलन और संवेदनशीलता—ये तीन स्तंभ वेब पत्रकारिता को सशक्त बनाते हैं।
न्यूज 18 के ग्रुप एडिटर ब्रजेश कुमार सिंह ने कहा कि डिजिटल युग में सबसे पहले खबर देने से अधिक जरूरी है सबसे सही खबर देना। वेब पत्रकारों को क्लिक की बजाय अपनी विश्वसनीयता पर अधिक ध्यान देना चाहिए। इस अवसर पर संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद कौशल और राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अमित रंजन ने अतिथियों को अंगवस्त्र, प्रतीक चिह्न एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद कौशल ने स्वागत भाषण में कहा कि भागलपुर की पावन धरती पर वेब मीडिया समागम–सह–WJAI के 7वें स्थापना दिवस का आयोजन संगठन के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि WJAI केवल एक संगठन नहीं, बल्कि सत्य, साहस और संवेदनशील पत्रकारिता का साझा मंच है। वेब मीडिया आज लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में नई जिम्मेदारियां निभा रहा है और संगठन वेब पत्रकारों को प्रशिक्षण, संरक्षण और पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उद्घाटन सत्र में पीरपैंती विधायक मुरारी पासवान, भागलपुर विधायक रोहित पांडेय, पूर्व उप महापौर डॉ. प्रीति शेखर और भाजपा नेता पवन पासवान भी उपस्थित रहे।
तकनीकी सत्र के दौरान अमर उजाला के बिहार-झारखंड हेड कुमार जितेंद्र ज्योति ने कहा कि जिस तरह पाठक अखबार की विश्वसनीयता को परखता है, उसी तरह गूगल भी वेब कंटेंट और वीडियो का गहन अध्ययन करता है। उन्होंने वेब पत्रकारों को सोशल मीडिया की आपाधापी से बचते हुए विश्वसनीय और स्तरीय कंटेंट तैयार करने की सलाह दी। न्यूज 18 बिहार-झारखंड के एडिटर ब्रज मोहन सिंह ने वेब मीडिया से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा करते हुए बताया कि वेब पत्रकारिता किस तरह मुख्यधारा में अपनी जगह बना रही है और इसे जनता के भरोसे पर खरा उतरने की आवश्यकता है। इस मौके पर न्यूज 18 के इनपुट एडिटर मनोज मलयनिल ने डिजिटल मीडियाकर्मियों को खबरों के चयन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। पंजाब केसरी डिजिटल के बिहार-झारखंड हेड प्रवीण झा ने वेब मीडिया की आधुनिक तकनीकों से पत्रकारों को अवगत कराया।
कार्यक्रम के अंत में WJAI के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अमित रंजन ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक समागम की सफलता में सभी अतिथियों, वक्ताओं, देशभर से आए वेब पत्रकारों, आयोजक टीम और मीडिया साथियों का अहम योगदान रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि वेब पत्रकारिता का भविष्य उज्ज्वल है और संगठन पत्रकारों के अधिकार, सम्मान और विश्वसनीय पत्रकारिता के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।
पहले दिन के तीसरे सत्र में आयोजित खुले अधिवेशन में पश्चिम बंगाल के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रचूड़ गोस्वामी, मिथिलेश मिश्रा, चंदन कुमार, सुरभित दत्त, गणपत आर्यन, संतोष झा, अनुपमा कौशल सहित कई वेब पत्रकारों ने अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने वेब पत्रकारों की चुनौतियों, सुरक्षा, मान्यता और संगठन की मजबूती पर खुलकर चर्चा की। सत्र का संचालन राष्ट्रीय सचिव मधूप मणि पिक्कू ने किया। समागम के पहले दिन का समापन वेब पत्रकारिता को और अधिक सशक्त, विश्वसनीय और जनोन्मुखी बनाने के संकल्प के साथ हुआ।












Click it and Unblock the Notifications