केरल पहुंचा मानसून! 28 राज्यों में आंधी-बारिश को लेकर अलर्ट, समुद्र में जाने पर रोक, कहां कैसे होंगे हालात?
Monsoon Arrives in Kerala: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया है कि मानसून आज केरल पहुंच चुका है, जो सामान्य तारीख 1 जून से आठ दिन पहले है। यह पिछले 16 वर्षों में सबसे जल्दी मानसून आगमन का मामला है। केरल में पिछले दो दिनों से भारी बारिश हो रही है, जिसका कारण एक निम्न दबाव क्षेत्र और मानसूनी हवाओं की सक्रियता है।
इससे पहले, 2009 और 2001 में भी मानसून 23 मई को ही केरल पहुंचा था। 1918 में सबसे जल्दी मानसून 11 मई को पहुंचा था, जो अब तक का रिकॉर्ड है। वहीं 1972 में मानसून सबसे देर से 18 जून को आया था। पिछले 25 वर्षों में सबसे देरी से मानसून 2016 में आया था, जब यह 9 जून को केरल में पहुंचा था।

दक्षिण भारत में भारी बारिश का लेकर रेड अलर्ट
IMD ने दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। केरल, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, कोंकण और गोवा में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। हवा की रफ्तार 40-50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इस साल नहीं दिखेगा अल नीनो का असर
मौसम विभाग ने पहले ही साफ कर दिया है कि इस बार अल नीनो की संभावना नहीं है। इसका मतलब यह है कि इस साल बारिश सामान्य से अधिक हो सकती है। 2023 में अल नीनो सक्रिय था, जिससे उस साल मानसून सीजन में औसत से 6% कम बारिश हुई थी।
क्या होता है अल नीनो और ला नीना?
अल नीनो: इस स्थिति में समुद्र का तापमान सामान्य से 3-4 डिग्री अधिक हो जाता है। इससे बारिश के पैटर्न में उलटफेर होता है। जहां अधिक बारिश होती है, वहां कम हो जाती है और जहां कम होती है, वहां बढ़ जाती है।
ला नीना: इसमें समुद्र का पानी सामान्य से तेजी से ठंडा हो जाता है, जिससे अच्छी बारिश होती है। इस पैटर्न का असर पूरी दुनिया के मौसम पर पड़ता है।
27 मई तक समुद्र में मछली पकड़ने पर रोक
IMD ने चेतावनी दी है कि केरल और कर्नाटक के तटीय इलाकों में तेज हवाएं और बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए 27 मई तक मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। लक्षद्वीप के आसपास के इलाकों में भी यह रोक लागू रहेगी।
देश के किन-किन राज्यों में आंधी-बारिश को लेकर अलर्ट
- केरल
- कर्नाटक
- तमिलनाडु
- पुडुचेरी
- आंध्र प्रदेश
- तेलंगाना
- गोवा
- महाराष्ट्र
- गुजरात
- अरुणाचल प्रदेश
- असम
- मेघालय
- नगालैंड
- मणिपुर
- मिजोरम
- त्रिपुरा
- सिक्किम
- पश्चिम बंगाल
- मध्य प्रदेश
- छत्तीसगढ़
- ओडिशा
- बिहार
- उत्तराखंड
- हिमाचल प्रदेश
- उत्तर प्रदेश
- पंजाब
- हरियाणा
- चंडीगढ़
- राजस्थान
महाराष्ट्र और गोवा में रेड अलर्ट
अरब सागर के पूर्व-मध्य हिस्से में बना दबाव महाराष्ट्र के दक्षिण कोंकण तट के पास सक्रिय है। यह रत्नागिरी और दापोली के बीच तट से टकरा सकता है। मुंबई और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
गोवा के लिए भी मौसम विभाग ने रविवार तक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। सरकार ने लोगों को नदियों और झरनों से दूर रहने की सलाह दी है।
उत्तर भारत में भी बारिश और तेज हवाओं की संभावना
दिल्ली-एनसीआर में भी हल्की बारिश हो सकती है और हवा की गति 70 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटा) चलने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
पूर्व और मध्य भारत में भी सक्रिय रहेगा मौसम
झारखंड में अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलेंगी। अधिकतम तापमान 31 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा।
पश्चिम बंगाल, सिक्किम, मध्यप्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा और बिहार में 24 से 26 मई के बीच बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है। मध्यप्रदेश और बिहार में आज और कल 50-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं।
अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार और सब-हिमालयन पश्चिम बंगाल व सिक्किम में भी अलग-अलग तारीखों पर भारी बारिश की संभावना है।
कृषि के लिए अच्छी खबर
मानसून का समय पर और मजबूत शुरुआत देश के लिए राहत की खबर है। यह खरीफ फसलों जैसे धान, मक्का, कपास और सोयाबीन की बुवाई को बढ़ावा देगा। इससे ग्रामीण आय में वृद्धि, खाद्य सुरक्षा में सुधार और कृषि क्षेत्र का आर्थिक विकास में योगदान बढ़ेगा। मौसम विभाग ने 2025 के लिए सामान्य से अधिक बारिश का अनुमान लगाया है, जिससे अच्छी फसल की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications