Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में ठंड ने दी दस्तक, जानिए देशभर में कैसा रहेगा मौसम का हाल
Weather Update: देश में मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल रहा है। पहाड़ों पर ताजा बर्फबारी ने सर्दी का मौसम शुरू कर दिया है, जबकि मैदानी इलाकों में भी तापमान में गिरावट देखी गई है। बीते कुछ दिनों से गर्मी से जूर रही देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर में भी हल्की ठंड महसूस होने लगी है।
सुबह और शाम के वक्त एनसीआर में ठंडी हवाएं चल रही है। तो वहीं, हाईवे पर कोहरे की चादर बिछी हुई नजर आ रही है। बता दें, रात के वक्त लोगों ने एयर कंडीशनर (AC) बंद कर दिए हैं और पंखे की स्पीड कम कर दी है। हालांकि, अभी भी इतनी ठंड नहीं पड़ी है कि भारी कंबल ओढ़ना पड़े।

दिल्ली-एनसीआर में रात के वक्त ठंड धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दस दिनों में दिल्ली के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। एक-दो डिग्री की मामूली गिरावट संभव है। पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश की उम्मीद है, लेकिन इससे दिल्ली के मौसम पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। राजधानी के कई इलाकों में सुबह के समय कोहरा छाया रह सकता है। इस बीच, कश्मीर की वादियों में बर्फबारी ने एक बार फिर से लोगों को अपनी चपेट में ले लिया है, जिससे गुलमर्ग पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन गया है।
मौसम विभाग ने कश्मीर के कई इलाकों में जल्द ही बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया है। आज कुछ पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। बर्फबारी के कारण निचले इलाकों में भी ठंड बढ़ जाएगी। उत्तर प्रदेश में पूर्वी हवाओं का असर कम हो गया है, जिससे मौसम में सुधार हुआ है। आसमान साफ है और रात के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है।
मौसम विज्ञानियों का सुझाव है कि आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आ सकती है। कल सुबह लखनऊ में हल्का कोहरा और धुंध छाई रही। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह के अनुसार आज भी आसमान साफ रहेगा और धूप खिलने की उम्मीद है। रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।












Click it and Unblock the Notifications