Heavy Rain: बारिश से बेहाल उत्तरी भारत, अब-तक 32 लोगों की मौत, राजस्थान में सबसे ज्यादा तबाही
Weather Update: उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश के कहर ने पिछले 48 घंटों में कम से कम 32 लोगों की जान ले ली है। भारी बारिश के कारण भूस्खलन, यातायात अव्यवस्था और मकान गिरने की काफी घटनाएं हुई हैं। हरियाणा में एक बांध टूटने से कई गांवों में बाढ़ आ गई, जबकि जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा को स्थगित कर दिया गया।
बारिश के कहर से राजस्थान सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ, जहां दो दिनों यान 10 और 11 अगस्त के दौरान 17 लोगों की मौत हुई है। भरतपुर में नदी में नहाते समय सात लोग डूब गये। झुंझुनूं के मेहराणा गांव में तालाब में नहाते समय तीन लोग डूब गये। करौली में भारी बारिश के कारण ढहे मकान के मलबे में दबकर एक व्यक्ति और उसके 12 वर्षीय बेटे की मौत हो गई।

पंजाब के होशियारपुर में एक परिवार के आठ सदस्यों सहित नौ लोगों की मौत हो गई जब उनकी गाड़ी एक उफनती मौसमी नदी में बह गई। पुलिस ने कहा कि परिवार के 11 सदस्य और उनका ड्राइवर एक शादी में शामिल होने के लिए हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के मेहतपुर के पास देहरा से पंजाब के एसबीएस नगर जिले के महरोवाल गांव में एसयूवी में यात्रा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि जब वे जैजोन चो को पार कर रहे थे, जो भारी बारिश के कारण उफान पर थी, जिसमें उनका वाहन बह गया।
हिमाचल में अचानक आई बाढ़ के बाद 280 सड़कें बंद
जबकि हिमाचल प्रदेश में तीन लड़कियों की मौत हो गई और एक व्यक्ति लापता है। हिमाचल में भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ के बाद 280 से अधिक सड़कों को बंद कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि 458 बिजली और 48 जल आपूर्ति योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं।
उत्तर प्रदेश के जालौन से दो मौतें रिपोर्ट की गईं हैं। भारी बारिश के बाद कोच क्षेत्र में उनके घर की छत गिरने से एक महिला और उसके सात साल के बेटे की मौत हो गई।
दिल्ली के रोहिणी क्षेत्र में डूबने से बच्चे की मौत
दिल्ली के रोहिणी सेक्टर 20 में भारी बारिश के कारण जलमग्न पार्क में सात साल का बच्चा डूब गया। केंद्रीय, दक्षिण, दक्षिण-पश्चिम और पूर्वी दिल्ली में भारी बारिश हुई जिससे कई जगहों पर जलभराव और यातायात जाम की स्थिति पैदा हो गई।
राजस्थान के करौली में 38 सेंटीमीटर बारिश
रविवार देर रात (11 अगस्त), भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कहा कि राजस्थान के करौली में "अत्यधिक भारी वर्षा" (38 सेंटीमीटर) दर्ज की गई, जबकि हिमाचल प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, पंजाब, हरियाणा और बिहार के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा देखी गई।












Click it and Unblock the Notifications